मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भाबरा दौरे की तैयारियां हुई तेज
आलीराजपुर{ गहरी खोज } : कलेक्टर श्रीमती माथुर एवं पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह की संयुक्त ने किया कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण आलीराजपुर,20 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संभावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने हेतु कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह तथा जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम ने हेलिपैड सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने हेलिपैड की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों ने आजाद कुटिया, सभा स्थल प्रांगण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा हेलिपैड से आजाद कुटिया होते हुए सभा स्थल तक के मार्ग का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने सभास्थल पर बैठक व्यवस्था, बिजली, पेयजल व्यवस्था, यातायात व्यवस्था वैकल्पिक पार्किंग ,अस्थायी चलित अस्पताल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह भदौरिया ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए साथ ही यातायात प्रबंधन व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री निधि मिश्रा, तहसीलदार श्री जितेंद्र तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
