मंगला पशु बीमा योजना में सवाई माधोपुर के 72 दावों का भुगतान, शेष प्रक्रिया जारी

0
efd73f50a5eee5148f81ec5c100c7bae

जयपुर{ गहरी खोज }: पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने गुरुवार को विधानसभा में जानकारी दी कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत सवाई माधोपुर जिले में पशुपालकों के बीमा क्लेम के भुगतान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि जिले में बीमित पशुओं की मृत्यु के बाद कुल 217 क्लेम आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 72 पात्र आवेदनों पर 14 लाख 58 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष पात्र दावों का भुगतान निर्धारित प्रक्रिया पूरी होते ही कर दिया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि 13 दिसंबर 2024 से 15 फरवरी 2026 तक जिले में कुल 27,909 पशुपालकों ने योजना में आवेदन किया। इनमें से राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग के माध्यम से लॉटरी द्वारा चयनित 20,642 पशुपालकों को 15 फरवरी 2026 तक पॉलिसी बॉण्ड जारी किए जा चुके हैं।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक इन्द्रा के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए मंत्री ने बताया कि बामनवास विधानसभा क्षेत्र में कुल 6,845 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4,567 पशुपालकों को पॉलिसी जारी की गई। 7,734 बीमित पशुओं में से 52 मृत पशुओं के दावे प्रस्तुत किए गए। इनमें से 10 दावों का निस्तारण कर 2 लाख 85 हजार रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
मंत्री ने बताया कि 42 लंबित दावों में से छह आवेदन पशुओं पर टैग नहीं होने और प्रक्रिया पूर्ण नहीं करने के कारण अपात्र पाए गए। 11 दावे ट्रेजरी स्तर पर लंबित हैं, 2 सर्वेयर स्तर पर तथा 11 पशु चिकित्सकों की जांच में हैं। इसके अलावा 12 दावे बीमा कंपनी के स्तर पर प्रक्रियाधीन हैं। मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने विधानसभावार जारी पॉलिसी बॉण्ड और निस्तारित दावों का विवरण सदन में रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में योजना के तहत क्लेम राशि बढ़ाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *