सेवातीर्थ से काम करने वाले पहले लोगों में शामिल होना सौभाग्य की बातः जितेन्द्र सिंह

0
f48951ec7b7853b489a177d073a90aaa

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: नए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ‘सेवातीर्थ’ में कामकाज शुरू होने के बाद राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि 16 फरवरी को नए पीएमओ से पहला पूरा कार्य दिवस रहा और यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ विश्वास और लगातार प्रयासों से ही संभव हुआ है।
डॉ. सिंह ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि शाही साउथ ब्लॉक से आजाद सेवातीर्थ तक का सफर भारत की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा परिवर्तन है। सौ साल पुराने साउथ ब्लॉक से काम करने वाले आखिरी लोगों में से एक होना और साथ ही नए सेवातीर्थ से काम करने वाले पहले लोगों में शामिल होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इसे सार्वजनिक सेवा के जीवंत गलियारों की ओर बढ़ते भारत का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह नया कार्यालय देश की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को आधुनिक और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने 13 फरवरी को ‘सेवा तीर्थ’ का उद्घाटन किया था। लगभग 2.26 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैला यह परिसर दारा शिकोह रोड पर स्थित है। इससे पहले पीएमओ साउथ ब्लॉक में था, जो औपनिवेशिक काल का प्रतीक माना जाता था। नए परिसर में आधुनिक सुविधाएं जैसे हाई-स्पीड इंटरनेट, पेपरलेस वर्क कल्चर, डिजिटल आर्काइव्स और स्मार्ट कॉन्फ्रेंस रूम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *