मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जयपुर मेट्रो का निरीक्षण किया

0
b5697ca20fed1fd71768e4267ab8282a

जयपुर{ गहरी खोज }: मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को जयपुर मेट्रो का विस्तृत निरीक्षण किया। दौरे का उद्देश्य मेट्रो परियोजना की प्रगति, तकनीकी व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करना था। निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव, नगरीय विकास विभाग डॉ. देबाशीष पृष्टी सहित जयपुर मेट्रो के पूर्णकालिक निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने फेज-1डी (मानसरोवर से 200 फीट बाईपास, अजमेर रोड चौराहा) के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण, संरचनात्मक मानकों और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। मानसरोवर डिपो स्थित ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर और सिक्योरिटी कंट्रोल सेंटर में मेट्रो परिचालन, रीयल-टाइम मॉनिटरिंग और सुरक्षा प्रणाली की जानकारी प्रस्तुत की गई। मुख्य सचिव ने मानसरोवर से छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन तक यात्रा कर परिचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया।
छोटी चौपड़ स्टेशन पर स्थापित कला दीर्घा में प्रदर्शित मूर्तिकला, रागमाला चित्रावली तथा खुदाई के दौरान प्राप्त ऐतिहासिक संरचनाओं के संरक्षण कार्यों की जानकारी दी गई। स्टेशन नियंत्रक कक्ष, यात्री सुविधाओं, रखरखाव व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। टनल निरीक्षण के दौरान आपात स्थिति के लिए बनाए गए क्रॉस-पैसेज और उनकी तकनीकी विशेषताओं का विवरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर निदेशक (कम्पनी मामलात) महेश कुमार भुराडिया, निदेशक (परियोजना एवं परिचालन एवं प्रणाली) ओम प्रकाश, निदेशक (वित्त) सुनील ढाका, पुलिस उपायुक्त जयपुर मेट्रो सुशील सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव ने मेट्रो कर्मियों के कार्य की सराहना की और कहा कि परियोजना में आधुनिक तकनीक के साथ शहर की विरासत के संरक्षण का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि मेट्रो फेज-2 की स्वीकृति शीघ्र मिलने की अपेक्षा है और जयपुर मेट्रो सुरक्षित एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *