पत्नी की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया, पति समेत दो आरोपित गिरफ्तार

0
62fd4bea7ef392fc04cde4b1ec749262

बलरामपुर{ गहरी खोज }: जिले के थाना बलरामपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झपरा लातापानी के घने जंगल में पेड़ से लटकते मिले महिला के शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पति सहित दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या प्रतीत हो रहा मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी 2026 की शाम सूचक अनिल खलखो, निवासी झपरा की रिपोर्ट पर मर्ग क्रमांक 09/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। जंगल में एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। मौके पर पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतिका के शरीर पर गंभीर चोट एवं खरोंच के संदिग्ध निशान पाए गए, जिसके बाद शव का डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराया गया।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृतका बंधनी (50), पति गुना राम, निवासी झपरा की मृत्यु को हत्यात्मक प्रकृति का बताया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों एवं मर्ग जांच के आधार पर विस्तृत विवेचना शुरू की।
जांच में सामने आया कि, आरोपित गुना राम (58), निवासी झपरा, अपनी पत्नी के अक्सर घर से बाहर जाने और देर से लौटने को लेकर चरित्र शंका करता था। 12 फरवरी को मृतिका बलरामपुर बाजार गई थी और रात में घर नहीं लौटी। अगले दिन लौटने पर आरोपित उससे नाराज था। 13 फरवरी को आरोपित ने पत्नी को धक्का देकर जमीन पर गिराया और बांस के डंडे, हाथ एवं पैर से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या को आत्महत्या दर्शाने की नीयत से आरोपित ने अपने साथी लखन कुम्हरिया (50), पिता स्व. नन्का कुम्हरिया, निवासी झपरा के साथ मिलकर शव को जंगल ले जाकर पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया। मर्ग जांच में धारा 103(1), 238, 3 (वी) बीएनएस के तहत अपराध पाए जाने पर प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपिताें को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। साक्ष्य पुख्ता पाए जाने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर आज रविवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या का मामला उजागर हुआ है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *