मप्र के इंदौर में दूषित पानी से दो और मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर 35 हुई

0
d3be4a35f1bd7c39b70491557296f974

इंदौर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से दो और लोगों की मौत हो गई। यहां 75 साल के बुजुर्ग शालिग्राम ठाकुर ने सोमवार रात और दो साल की बच्ची रिया प्रजापति ने मंगलवार को सुबह दम तोड़ दिया। इसके बाद इंदौर में दूषित पानी से मरने वालों की संख्या 35 हो गई है।
शालिग्राम की बेटी मोना बघेल ने बताया कि गत 2 जनवरी को उलटी-दस्त के कारण उनके पिता को शेल्बी अस्पताल में भर्ती किया गया था। वहां से उन्हें आराम नहीं मिलने पर बॉम्बे अस्पताल में रेफर कर दिया गया था, जहां वे वेंटिलेटर पर ही थे। मंगलवार की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन का कहना है कि 18 साल पहले उन्हें लकवा हुआ था। इसके अलावा उन्हें कोई तकलीफ नहीं थी। वहीं, बॉम्बे अस्पताल के जनरल मैनेजर राहुल पाराशर ने बताया कि मरीज को शुरू से ही कार्डियक की तकलीफ थी।
दो साल की बच्ची रिया पिता सूरज प्रजापति ने बताया कि उनकी बेटी को 27 दिसंबर को उलटी-दस्त के कारण एक निजी अस्पताल में दिखाया था। इसके बाद हालत ठीक हुई, लेकिन बाद में फिर बिगड़ती गई। बच्ची के लिवर में तकलीफ बताई गई थी करीब 15 दिन पहले रिया को चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती किया गया था। यहां उसके लिवर में तकलीफ बताई गई थी। इसके बाद उसे सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां करीब 5 दिन बाद आज मंगलवार सुबह 4:30 बजे उसकी मौत हुई। परिजन का आरोप है कि दूषित पानी के कारण ही तबीयत बिगड़ी। उसका असर लिवर तक हुआ।
गौरतलब है कि इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी की सप्लाई के बाद फैली बीमारी से 26 दिसंबर को मौत हुई थी। इसके बाद यहां मौत का सिलसिला लगातार जारी है। इंदौर में हुई इन दो मौतों के बाद मृतकों का आंकड़ा 35 पहुंच गया है। मृतकों में उर्मिला यादव (69), नंदलाल पाल (75), उमा कोरी (31), मंजूला (74), ताराबाई कोरी (60), गोमती रावत (50), सीमा प्रजापत (50), जीवन लाल बरेडे (80), अव्यान साहू (5 माह), शंकर भाया (70), संतोष बिगोलिया (72), अरविंद लिखर (40), गीताबाई (60), अशोक लाल पंवार (70), ओमप्रकाश शर्मा (69), हरकुंवर बाई (75), रामकली (47), सुमित्रा बाई (50), श्रवण खुपराव (81), हीरालाल (65), सुनीता वर्मा (49), कमला बाई (59), भगवानदास (64), शुभद्राबाई (78), हेमंत गायकवाड़ (51), विद्या बाई (82), बद्री प्रसाद (63), राजाराम बौरासी (75), खूबचंद (63), लक्ष्मी रजक (62), एकनाथ सूर्यवंशी (75), अनिता कुशवाह (65) और अगलूराम यादव (70), शालिगराम ठाकुर (75) और रिया प्रजापति (दो वर्ष) शामिल हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को दोनों मृतकों की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं और लिखा है कि दूषित पानी से इंदौर के 35 लोगों की मौत हो गई। बड़े व्यथित मन से कहना पड़ रहा है कि 2 साल की बेटी रिया और 75 वर्ष के शालिग्राम ठाकुर जी का आज निधन हो गया। मैं निःशब्द हूँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *