पशु तस्करी करते तीन आरोपित गिरफ्तार, आठ गौवंश मुक्त
रायगढ़{ गहरी खोज }: लैलूंगा पुलिस ने गौवंश तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए आज रविवार काे तीन आरोपिताें को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने कुंजारा क्षेत्र से उड़ीसा की ओर क्रूरतापूर्वक पैदल ले जाए जा रहे 08 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है।
मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार कुछ व्यक्ति बिना चारा–पानी के मवेशियों को मारते–पीटते हुए तस्करी के उद्देश्य से ले जा रहे थे। सूचना पर थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने तत्काल टीम के साथ लैलूंगा अटल चौक के पास घेराबंदी की। मौके पर तीन संदिग्ध व्यक्ति गौवंशों के साथ पकड़े गए, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम मायाराम नागवंशी, सोहन यादव और विद्याधर नागवंशी, सभी निवासी थाना बागबहार जिला जशपुर बताया।
आरोपिताें से गौवंश परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, परंतु वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद गवाहों के समक्ष 08 नग गौवंश विधिवत जब्त किए गए। पुलिस द्वारा तत्काल पानी–चारे की व्यवस्था कर सभी मवेशियों को सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखा गया, ताकि उनके स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 35/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व 11 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। तीनों आरोपिताें को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
