पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियां प्रयागराज के संगम में विसर्जित
मुंबई{ गहरी खोज }: पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अस्थियाें को उनके पुत्र जय पवार ने रविवार को प्रयागराज में गंगा, यमुना और सरस्वती नदियों के संगम में मंत्रों के जाप के बीच विसर्जित कीं। यह जानकारी पवार परिवार के सूत्रों ने दी। पवार परिवार के सूत्रों ने बताया कि आज जय पवार परिवार सहित चार्टर्ड फ्लाइट से पुणे से प्रयागराज पहुंचा। जय पवार एयरपोर्ट से नंगे पैर निकले। वह एयरपोर्ट से संगम तक काफिले के साथ गए। जय पवार ने पुजारियों की मौजूदगी में कलश पूजा करने के बाद, रस्मों के हिसाब से अस्थियों को तीन पवित्र नदियों के संगम संगम में विसर्जित किया।
राकांपा युवक कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा के नेतृत्व में अजित पवार की ‘कलश यात्रा’ कश्मीर से कन्याकुमारी तक निकाली गई थी। 12 राज्यों से होकर गुजरी यह यात्रा आज जय पवार और उनके परिवार की मौजूदगी में संगम पर खत्म हुई। इस दौरान जय पवार ने पत्रकारों के सवालों पर सिर्फ इतना ही कहा कि वे इस समय दुख में हैं। जबकि धीरज शर्मा ने कहा, यह परिवार, लाखों राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं और दादा के समर्थकों के लिए बहुत इमोशनल पल है। मैं अस्थि कलश यात्रा के लिए हरिद्वार से तेलंगाना गया था। अजितदादा न केवल महाराष्ट्र में बल्कि देश में भी एक प्रमुख राष्ट्रीय राजनीतिक हस्ती थे। उल्लेखनीय है कि बीती 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी। इस हादसे में दो पायलट, एक महिला क्रू मेंबर और एक सुरक्षाकर्मी समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई थी।
