बाराबंकी डीएम-एसपी ने फाल्गुनी मेले का किया निरीक्षण, अधिकारियाें काे दिए निर्देश

0
3621664132b8418cad4b0a8fb8a7dd6e

बाराबंकी{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शुक्रवार को श्री लोधेश्वर महादेवा में लगे फाल्गुनी मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान मिली खामियों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश विभागों के अधिकारियों को दिए हैं।
दोनों अधिकारी दोपहर बाद महादेवा के आडिटोरियम पहुंचे और मेला क्षेत्र में बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बोहनिया तालाब पर लगाई गई बैरिकेडिंग जाल की स्थिति देखी। श्रद्धालुओं के पूजन-दर्शन के लिए बनाए गए होल्डअप बैरिकेडिंग की मजबूती को परखा। बंद पड़े आरओ के संबंध में जानकारी लेने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।
पंचायत भवन के निकट बनाए गए शौचालयों को चालू रखने के निर्देश भी दिए। मेला बाग में दुकानों की व्यवस्था की जानकारी ली और कई स्थानों पर कीचड़ व जलभराव मिलने पर तत्काल मिट्टी डलवाकर मार्ग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। पीएचसी के सामने बने रैन बसेरा का निरीक्षण करते हुए प्रकाश, शौचालय व अन्य व्यवस्थाएं ठीक कराने तथा खंड विकास अधिकारी सूरतगंज से फोटो उपलब्ध कराने को कहा गया। केसरीपुर-महादेवा मार्ग के गड्ढों को भी तत्काल समतल कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने महादेव शिवलिंग का विधिवत पूजन-अर्चन कर जनकल्याण की कामना की और मेले में आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर तमाम प्रशासनिक और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *