ब्रिटेन में चीनी से बने उत्पादों के वितरण पर लगी सीमा समाप्त

0
sdfer32ewdw

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }:इतिहास में पांच फरवरी की तारीख ब्रिटेन की एक रोचक घटना से संबंधित है। दरअसल 1953 में इसी दिन ब्रिटेन में मिठाई पर सालों से लगे नियंत्रित वितरण नियम को खत्म कर दिया गया और बच्चों ने खूब मिठाइयां खाईं।
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान सभी को जरूरी वस्तुएं समान मात्रा में मिलें, इसलिए चीनी और इससे बने उत्पादों तथा अन्य सामान की राशनिंग करने का फैसला किया गया। ब्रिटेन में कई उत्पादों के वितरण को जनवरी 1940 में सीमित कर दिया गया था। वस्त्रों, फर्नीचर और पेट्रोल पर लगा नियंत्रण तो 1948 के बाद से धीरे-धीरे समाप्त होने लगा, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त होने में कई साल लग गए।
पांच फरवरी 2024 को भारत ने संगीत के क्षेत्र के सबसे प्रतिष्ठित ‘ग्रैमी अवॉर्ड्स 2024’ में अपना जलवा बिखेरा और मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन तथा बांसुरी वादक राकेश चौरसिया समेत पांच भारतीय संगीतकारों ने पुरस्कार जीते। हुसैन ने तीन ग्रैमी पुरस्कार अपने नाम किए जबकि राकेश चौरसिया ने दो पुरस्कार जीते। गायक शंकर महादेवन, वायलिन वादक गणेश राजगोपालन और तालवादक सेल्वागणेश विनायकराम के एक फ्यूजन संगीत समूह ‘शक्ति’ ने ‘दिस मूमेंट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत एल्बम की श्रेणी में 2024 का ग्रैमी पुरस्कार जीता।

देश-दुनिया के इतिहास में पांच फरवरी की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1922 : चौरी चौरा में थाने पर भीड़ के हमले में 22 पुलिसकर्मियों की मौत। इस घटना ने महात्मा गांधी के अहिंसा आंदोलन को कुछ समय के लिए पटरी से उतार दिया।
1937: चार्ली चैप्लिन के अभिनय से सजी पहली टॉकी ‘‘मॉडर्न टाइम्स’’ को रिलीज किया गया।
1953 : ब्रिटेन में चीनी और इससे बने उत्पादों के सीमित वितरण का नियम समाप्त।
1971: अपोलो 14 चांद की सतह पर उतरा। इस उड़ान के दौरान कई तरह की तकनीकी खराबियां आईं।
1985 : पुर्तगाल के विश्व प्रसिद्ध फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का जन्म। रोनाल्डो का पूरा नाम क्रिस्टियानो रोनाल्डो दोस सांतोस अवीरो है।
2008 : महर्षि महेश योगी का निधन। उन्हें भारत के प्रमुख आध्यात्मिक और धार्मिक नेताओं में शुमार किया जाता है।
2013: बांग्लादेश के न्यायाधिकरण ने एक कट्टरपंथी विपक्षी दल के शीर्ष सदस्य अब्दुल कादर मौला को 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान युद्ध अपराधों के लिए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
2019 : बुर्किना फासो में जिहादी हमले में 14 लोगों की मौत।
2020 : तुर्की में विमान रनवे से फिसला, तीन टुकड़े हुए, 120 लोग घायल।
2022 : अमेरिका में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या नौ लाख हुई।
2023 : पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति और 1999 में करगिल युद्ध के मुख्य सूत्रधार रहे जनरल (सेवानिवृत्त) परवेज मुशर्रफ का 79 वर्ष की उम्र में निधन।
2024 : ग्रैमी अवॉर्ड्स 2024 में पांच भारतीयों ने जीते पुरस्कार।
2025 : इस्माइली मुस्लिम समुदाय के आध्यात्मिक नेता आगा खां चतुर्थ का 88 वर्ष की आयु में निधन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *