बिरसा मुंडा के विचारों को आगे बढ़ाते हुए आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध: मदन राठौड़

0
51fdba5f6f57597c092222adb3d1fadd

जयपुर{ गहरी खोज }: भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर शनिवार को आदिवासी चेतना के प्रतीक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण नमन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल, भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा न केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि एक असाधारण समाज सुधारक भी थे जिन्होंने आदिवासी समाज की पहचान, अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जिस साहस और दृढ़ता के साथ अंग्रेजी शासन एवं अन्यायपूर्ण प्रथाओं के विरुद्ध संघर्ष किया, वह भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। राठौड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को आगे बढ़ाते हुए आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार द्वारा आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु अनेक योजनाएँ चलाई जा रही हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की विरासत हमें प्रेरित करती है कि हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहें। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *