गो सेवा समिति ने आक्रोश रैली निकाली, अनियमितता का लगाया आरोप
धमतरी{ गहरी खोज }:गो सेवा समिति धमतरी ने बुधवार को पांच सूत्रीय मांगों को लेकर गांधी मैदान से राष्ट्रीय गोशाला तक आक्रोश रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने राष्ट्रीय गोशाला में अनियमितता का आरोप लगाते हुए अतिरिक्त तहसीलदार कुसुम प्रधान को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
गो सेवा समिति के सदस्य पीयूष पारख ने बताया कि राष्ट्रीय गो शाला में अनियमितता को लेकर गांधी मैदान से आक्रोश रैली निकालकर यहां पहुंचे हैं। इन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार रात को 31 गोवंशों को बर्बरतापूर्वक ले जाया जा रहा था। एक गोमाता की मौत गाड़ी में हो गई थी। वहीं सात बेहोशी की हालत में थे जिनका उपचार करवा कर यहां की अव्यवस्था को देखते हुए दूसरी गो शाला में भेजा गया है। हमारी मांग है कि गो वंशों की खरीदी ब्रिकी का संपूर्ण ब्योरा कलेक्टर को दिया जाएं। सभी गो माता में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत क्रियान्वयन किया जाएं। धमतरी के राष्ट्रीय गो शाला की कार्यकरिणी को भंग कर नवीन कार्यकारिणी का गठन किया जाएं। सभी जिले में संचालित गो शाला की कार्रवाई संपूर्ण रूप से पारदर्शी किया जाएं। वर्तमान अध्यक्ष द्वारा गो सेवकों का अपमान करने का प्रयास किया गया है इनके माफी की मांग करते हैं। इस दौरान ज्ञापन लेने पहुंचे अतिरिक्त तहसीलदार कुसुम प्रधान ने बताया कि गो सेवा समिति द्वारा पांच बिंदुओं में जांच के लिए ज्ञापन दिया गया है। इसके संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराएंगे।
गुरुवार को गो शाला अध्यक्ष और गो सेवा समिति के पदाधिकारियों की बैठक रखी गई है। इस दौरान गो सेवा समिति के अध्यक्ष मनीष फ़ुटान, उदय यादव, राकेश मौर्य, प्रवीण साहू, आयुष दीवान, आशीष पात्रे, हिंदू जागरण मंच के डाकेश्वर साहू, चित्रेश साहू, महेंद्र नेताम, सूरज मिश्रा, हरीश यादव, अभिषेक जाधव, विकास पटेल, विनय पटवा, नीरज यादव, दुर्गेश नेताम, योगेश, संजय, सनत सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
