राजद प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए होगा नामांकन, 21 की जगह अब 19 जून को मतदान!

रांची{ गहरी खोज }: झारखंड राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी का चुनाव करने के लिए अब 21 की जगह 19 जून को ही वोटिंग होगी। 12 जून को राज्य के सहायक निर्वाचन पदाधिकारी कलामुद्दीन खान ने 21 जून को वोटिंग कराए जाने की जानकारी दी थी।
शुक्रवार आज झारखंड राजद संगठन चुनाव के लिए राज्य निर्वाची पदाधिकारी गिरधारी गोप ने 19 जून को मतदान कराए जाने की घोषणा करते हुए चुनाव शेड्यूल की जानकारी सार्वजनिक की। उन्होंने बताया कि 14 जून से नामांकन की प्रक्रिया शुरु होगी। राज्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संशोधित आदेश मिलने के बाद वोटिंग की नई तिथि घोषित की गई है।
प्रदेश राजद के निर्वाची पदाधिकारी गिरधारी गोप ने बताया कि पहली बार अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनने के लिए नामांकन निशुल्क होगा। उन्होंने बताया कि राजद का कोई भी सक्रिय सदस्य अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकता है। इसके लिए नामांकन पत्र के साथ राज्य परिषद के कम से कम 10 सदस्यों का समर्थन जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि राज्य परिषद सदस्यों की सूची जल्द जारी कर दी जाएगी।झारखंड राजद के सांगठनिक चुनाव संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाची पदाधिकारी बनाये गए गिरधारी गोप ने कहा कि पार्टी संविधान के अनुसार अगर प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक नामांकन हुआ तो नए अध्यक्ष का चुनाव वोटिंग से होगा। ऐसे में झारखंड राज्य के सभी 24 जिलों के जिलाध्यक्ष और हर विधानसभा क्षेत्र से 01-01 राज्य परिषद सदस्य नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए मतदान करते हैं।