गुरु जून के दूसरे सप्ताह में हो जाएंगे अस्त, डगमगाएगा इन 4 राशियों का आर्थिक पक्ष

0
Budh_Gochar_in_Mesh_Rashi_1745583658122_1745583658444

धर्म { गहरी खोज } : वैभव और ऐश्वर्य के कारक ग्रह गुरु जून के दूसरे सप्ताह में मिथुन राशि में अस्त हो जाएंगे। वहीं गुरु का उदय 8 जुलाई को होगा। गुरु 12 जून को मिथुन राशि में संचार करते हुए अस्त हो जाएंगे। शुभ ग्रह गुरु का अस्त होना कई राशियों के जीवन में प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसलिए जून के दूसरे सप्ताह से जुलाई तक इन लोगों को विशेष सावधानियां बरतनी होंगी। खासकर धन से जुड़े मामलों को लेकर इन राशियों को सतर्क रहना होगा। आइए जानते हैं राशिचक्र की इन राशियों के बारे में।

वृषभ राशि
गुरु ग्रह आपके धन भाव में अस्त होंगे। इसलिए आर्थिक पक्ष को लेकर आपको सावधानी बरतनी होगी। इस दौरान निवेश करने से पहले सोच-विचार अवश्य कर लें। इस राशि के जातकों को पारिवारिक जीवन में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है, घर के लोग आपकी बातों का गलत अर्थ निकाल सकते हैं जिससे मन व्यथित होगा। बेवजह की बहसबाजी में पड़ने से इस राशि के जातकों को बचना चाहिए। इसके साथ ही वाणी पर भी आपको नियंत्रण रखने की आवश्यकता होगी। उपाय के तौर पर पीले वस्त्रों का दान करें।

सिंह राशि
आपके लाभ भाव में गुरु ग्रह अस्त होंगे। गुरु के अस्त होने से करियर और कारोबार की स्थिति डगमगा सकती है। आप मेहनत तो खूब करेंगे लेकिन मनमाफिक परिणाम बहुत कम मिलेंगे। इस दौरान आप अपने योग्यता पर शक कर सकते हैं, लेकिन ऐसा करने की बजाय आपको बस अपने काम पर ध्यान देना चाहिए। पारिवारिक जीवन में बड़े भाई-बहनों के साथ अनबन हो सकती है। ससुराल पक्ष के लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद उपजने की भी आशंका है। उपाय के तौर पर आपको गुरुवार के दिन केले और पीली मिठाइयों का दान करना चाहिए।

धनु राशि
गुरु का अस्त होना मुख्य रूप से आपके पारिवारिक जीवन पर असर डाल सकता है। जीवनसाथी के साथ विवाद हो सकते हैं और इसके कारण घर के लोगों के बीच आपकी छवि खराब हो सकती है। बीती बातों को लेकर उलझने से आपको बचना होगा। इस राशि के जो कारोबारी साझेदारी में कारोबार कर रहे हैं वो अपने पार्टनर की गतिविधियों पर ध्यान रखें। धनु राशि के जातकों को अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल सही दिशा में इस दौरान करना होगा। उपाय के तौर पर आपको भगवान विष्णु की पूजा करनी चाहिए।

कुंभ राशि
गुरु का अस्त होना आपके करियर के लिए अच्छा नहीं कहा जा सकता। कुछ लोगों को कार्यक्षेत्र में नकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं। आपके कार्य पर नजर रखी जाएगी और छोटी-छोटी गलतियों को लेकर भी आपको सीनियर्स की डांट सुननी पड़ सकती है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए भी यह समय परेशानियों से भरा रह सकता है, एकाग्रता की कमी के कारण शिक्षा क्षेत्र में आप चुनौतियों का सामना करेंगे। खर्चों पर भी लगाम लगाने की जरूरत होगी नहीं तो आर्थिक पक्ष डगमगा सकता है। उपाय के तौर पर आपको गुरुवार को यथासंभव दान करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *