पाकिस्तान से सटे जिलों में खेती किसानी की समीक्षा की शिवराज ने

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को गुजरात, राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर राज्यों के सीमावर्ती जिलों के किसानों की खेती एवं उनके लिए उपलब्ध खाद- बीज और अन्य संसाधनों के संबंध में समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री ने इन जिलों के किसानों के कृषि संबंधी कार्यों की समुचित व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभी की परिस्थितियों में कई किसान भाइयों को सुरक्षा के कारणों से, उनकी खेती से दूर रखा गया है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के हर राज्य के किसान की खेती की हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि खरीफ की फसल के लिए किसान की आवश्यकताओं का आंकलन किया जाएगा। बैठक में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा जैसे राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में खेती और बीजों की उपलब्धता पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में कुल जमीन, प्रभावित किसान, फसलें और सुविधाओं का आकलन राज्य सरकारों के साथ मिलकर किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूरिया, डीएपी, एनपीके जैसे पेट्रोकेमिकल आधारित आदान और डीजल की आपूर्ति की समीक्षा की जाएगी। आवश्यक वस्तुओं की बफर स्टॉक की उपलब्धता और अन्य उठाए गए मुद्दों की भी समीक्षा की जाएगी। इस संबंध में संबंधित राज्यों के मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों से विचार विमर्श किया जाएगा।