राहुल ने लोकतंत्र का अपमान, देशद्रोह किया : भाजपा

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अमेरिका में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय चुनाव आयोग को “कॉम्प्रोमाइज्ड” बताये जाने को भारत के लोकतंत्र का अपमान और देशद्रोह करार दिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद डॉ संबित पात्रा ने सोमवार को पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने अमेरिका में भारतीय चुनाव आयोग को “कॉम्प्रोमाइज्ड” बताने के लिए राहुल गांधी की जमकर आलोचना की। डॉ. पात्रा ने कहा कि अमेरिका में राहुल गांधी ने देश के चुनाव आयोग को “कॉम्प्रोमाइज्ड” बता कर भारत के महान लोकतंत्र का अपमान किया हैं। राहुल गांधी देशद्रोही हैं, केवल इसलिए नहीं कि वह विदेशों में जाकर देश की संवैधानिक संस्थानों का अपमान करते हैं, बल्कि नेशनल हेराल्ड के माध्यम से उन्होंने देश की करोड़ों रुपए की संपत्ति का गबन किया है। श्री गांधी बताएं कि क्या झारखंड विधानसभा चुनाव, प्रियंका गांधी के उपचुनाव और अयोध्या की सीट पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को “कॉम्प्रोमाइज” किया था?
डॉ. पात्रा ने कहा कि आज सुबह से मुख्य रूप से दो खबरें सुर्खियों में हैं। पहली खबर यह है कि श्री गांधी एक बार फिर विदेशी धरती पर वही कर रहे हैं जो वह वर्षों से करते आ रहे हैं, भारत की छवि को नुकसान पहुँचाना और देश का अपमान करना। इस बार उन्होंने अमेरिका में भारत को बदनाम किया है। यह कोई नई बात नहीं है, न ही पहली बार है। दूसरी बड़ी खबर यह है कि कांग्रेस पार्टी के कई बड़े नेता आज से देशभर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य केवल सोनिया-राहुल को बचाना है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी दोनों को अपनी चार्जशीट में नामित किया है। कोर्ट में अगली सुनवाई 25 तारीख को है, दोनों के जेल जाने की संभावनाएं भी हैं और जाना भी चाहिए। जब देश को लूटा गया है, तो कानून के अनुसार जेल की सजा भी भुगतनी चाहिए। ऐसे में कांग्रेस पार्टी पूरे देश में एक प्रकार का अशांत वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि श्री गांधी ने एक बार फिर अमेरिका जाकर भारत के निर्वाचन आयोग को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्हें गलतफहमी है कि लोग उनकी बातों का विश्वास करेंगे, क्योंकि भ्रष्टाचार के मामले में वह खुद और उनकी माताश्री 50-50 हजार रुपये के मुचलके पर जमानत लेकर बाहर हैं। वर्ष 2018 में मां-बेटे को नेशनल हेराल्ड केस में 50-50 हजार रुपये की निजी मुचलके पर जमानत दी गई थी, तब मां-बेटे जश्न मनाते हुए पार्टी कार्यालय पहुंचे थे, जो सिर्फ ‘भ्रष्टाचार का जश्न’ था। एक बार फिर कांग्रेस पार्टी वैसी ही खुशी मनाने की कोशिश कर रही है।