पद्म पुरस्कारों के लिए 31 जुलाई तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से होंगे नामांकन

0

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्र सरकार ने 2027 के पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन और सिफारिशें आमंत्रित की हैं। ऑनलाइन नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। गृह मंत्रालय के अनुसार गणतंत्र दिवस पर घोषित किए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च से शुरू हो चुकी है। नामांकन और सिफारिशें केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जाएंगी। पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। वर्ष 1954 में शुरू किए गए ये पुरस्कार कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं अभियांत्रिकी, लोक सेवा, व्यापार एवं उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।
सरकार ने कहा कि वह पद्म पुरस्कारों को “पीपुल्स पद्म” के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सभी नागरिकों से स्वयं नामांकन करने या योग्य व्यक्तियों की सिफारिश करने का आग्रह किया गया है। सरकार ने विशेष रूप से महिलाओं, समाज के कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति समुदायों, दिव्यांगजनों तथा निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करने वाले प्रतिभाशाली लोगों की पहचान कर उनके नाम आगे बढ़ाने की अपील की है। मंत्रालय के अनुसार नामांकन में संबंधित व्यक्ति की उपलब्धियों और विशिष्ट सेवाओं का स्पष्ट एवं विस्तृत विवरण निर्धारित प्रारूप में देना आवश्यक होगा। पद्म पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी गृह मंत्रालय और पद्म पुरस्कार पोर्टल पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *