पेड़ों की देखभाल, संरक्षण के लिए जनभागीदारी आवश्यकः भूपेन्द्र यादव

0
811c9ede8364890e562de866e911e6fe

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने शुक्रवार को कहा कि भावी पीढ़ियों के हित में पेड़ों की देखभाल और संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास एवं जनभागीदारी आवश्यक है। भूपेन्द्र यादव और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज संयुक्त रूप से दिल्ली के मैदनगढ़ी स्थित नमो ऑक्सीजन पार्क में एक कार्यक्रम में 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों का उद्घाटन किया। इस दौरान दोनों ने राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत कई पर्यावरण संबंधी पहलों की शुरुआत की। इन पहलों का उद्देश्य राजधानी को और हरियाली करना, वायु गुणवत्ता में सुधार लाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “इस अभियान ने वृक्षारोपण को कृतज्ञता, जिम्मेदारी और पर्यावरण चेतना पर आधारित एक जन आंदोलन में बदल दिया है। उन्होंने नागरिकों से न केवल पेड़ लगाने बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए उनकी देखभाल और संरक्षण करने का भी आग्रह किया।”
मंत्री ने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी देश के रूप में उभरा है और उसने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इनमें सौर ऊर्जा क्षमता वृद्धि में विश्व के अग्रणी देशों में से एक बनना, पीएम सूर्य घर योजना का कार्यान्वयन, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की स्थापना, अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस (आईबीसीए) का शुभारंभ, रामसर आर्द्रभूमि स्थलों का विस्तार और जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन के तहत निर्धारित समय से पहले कई राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) लक्ष्यों को प्राप्त करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली की हवा को शुद्ध बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार की ओर से उठाए गए कदमों में ऑनलाइन सतत उत्सर्जन निगरानी प्रणाली (ओसीईएमएस) की स्थापना, वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों (एपीसीडी) की तैनाती, सड़कों की मशीनीकृत गहन सफाई और इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर तेजी से बदलाव शामिल हैं।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए हरियाली बढ़ाना सबसे महत्वपूर्ण उपायों में से एक है। उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली सरकार ने चालू वर्ष में पूरे शहर में 15 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है।
इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार की ओर से तैयार की गई तीन महत्वपूर्ण पर्यावरण संबंधी प्रकाशनों का विमोचन हुआ। इनमें एनसीटी दिल्ली के लिए कार्य योजना, असोला भट्टी अभयारण्य प्रबंधन योजना और दिल्ली बर्ड एटलस को वैज्ञानिक पर्यावरण शासन को मजबूत करना शामिल है।
समारोह के दौरान सभी गणमान्य व्यक्तियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इसके साथ ही ‘धूल-मुक्त दिल्ली’ अभियान के अंतर्गत स्थानीय घासों और झाड़ियों की किस्मों की एक विशेष प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।
इसके अलावास दिल्ली बर्ड एटलस को तैयार करने में अपना अमूल्य योगदान देने वाले नागरिक समाज संगठनों और स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जो पर्यावरण की निगरानी में आम नागरिकों की बढ़ती और महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
इस मौके पर उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों में केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह, दिल्ली के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *