उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंका के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से की मुलाकात
कोलंबो/नई दिल्ली{ गहरी खोज }: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने रविवार को श्रीलंका की अपनी पहली द्विपक्षीय आधिकारिक यात्रा के दौरान कोलंबो स्थित राष्ट्रपति सचिवालय में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और प्रधानमंत्री डॉ. हरिणी अमरसूर्या से मुलाकात की। श्रीलंका की प्रधानमंत्री ने उपराष्ट्रपति के सम्मान में प्रधानमंत्री आवास ‘टेंपल ट्रीज़’ में लंच का आयोजन किया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार इस दौरान दोनों नेताओं ने साझा इतिहास और मजबूत सभ्यतागत संबंधों पर आधारित बहुआयामी रिश्तों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने पर सार्थक चर्चा की। दोनों नेताओं ने सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों को याद किया। साथ ही द्विपक्षीय सहयोग को और अधिक गहरा बनाने की दिशा में तकनीकी और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर चर्चा की।
चर्चा का एक बड़ा हिस्सा भारतीय आवास परियोजना और चक्रवात ‘दितवाह’ से प्रभावित क्षेत्रों के लिए आवंटित 45 करोड़ अमेरिकी डॉलर के सहायता पैकेज पर केंद्रित रहा। इसके तहत भारतीय मूल के तमिल समुदाय के प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण और पुनर्वास प्रयासों की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने मछुआरा समुदायों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए मानवीय दृष्टिकोण से उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान पर जोर दिया।
