एनसीआर में शुरू हो रहा है गर्मी का असर, एक सप्ताह में पारा पहुंचेगा 40 डिग्री तक
नोएडा{ गहरी खोज }: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अब गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और 19 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।
वहीं, न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध पूर्वानुमान के अनुसार 14 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया है। इस दिन तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद गर्मी का असर और बढ़ेगा।
15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 16 और 17 अप्रैल को तापमान 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने की संभावना है। इसके बाद 19 अप्रैल को पारा 39 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रह सकता है। इन सभी दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है, जिससे धूप और अधिक तेज महसूस होगी।
विशेषज्ञों के अनुसार साफ आसमान और लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय लू जैसे हालात बनने की शुरुआत हो सकती है। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तेज हवाओं के बावजूद प्रदूषण स्तर में गिरावट सीमित है और आने वाले दिनों में गर्मी के साथ-साथ हवा की गुणवत्ता भी चिंता का विषय बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
