गड्ढे में गिरी बेकाबू ट्रैक्टर-ट्राली, एक ग्रामीण की मौत
डिंडौरी{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोड़ी में सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर करीब आठ फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, हर्रा टोला गांव निवासी शिव कुमार हनुमंत सोमवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली से खेत में जलाऊ लकड़ी लेने के लिए जा रहा था। नेवसा पौड़ी घाट के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। ट्राली में सवार शिव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढे में फंसे शव को बाहर निकाला।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि मृतक पोड़ी गांव से अनुराग बेलिया का ट्रैक्टर लेकर खेत जा रहा था। हादसे के बाद से चालक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
