ऊंटों के सहारे शराब तस्करी का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

0
d03b56d926e7e099c853c4da53d2717d

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध शराब तस्करी के एक अनोखे और चौंकाने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर 39 कार्टन अवैध शराब बरामद की है। खास बात यह रही कि तस्करी के लिए ऊंटों का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने साेमवार काे बताया कि 29-30 मार्च की दरम्यानी रात को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से संगम विहार के जंगलों के रास्ते दिल्ली में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए स्पेशल स्टाफ की टीम ने संगम विहार के वन क्षेत्र में जाल बिछाया।
इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से घेराबंदी की। कुछ समय बाद एक संदिग्ध व्यक्ति दो ऊंटों के साथ जंगल के रास्ते आता दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान ऊंटों पर लदे 39 कार्टन अवैध शराब बरामद किए गए, जिनमें कुल 1,938 क्वार्टर शामिल थे। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस ने दोनों ऊंटों को सुरक्षित बचाकर संबंधित विभाग को सौंप दिया।
जांच में सामने आया कि दिल्ली और फरीदाबाद बॉर्डर पर कड़ी चेकिंग के चलते तस्करों ने यह नया तरीका अपनाया था। आरोपित सड़क मार्ग से बचते हुए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल करता था और ऊंटों के जरिए शराब की खेप पहुंचाता था। इससे वह पुलिस की निगरानी और चेकपोस्ट से आसानी से बच निकलता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह तरीका हाल के दिनों में चलाए जा रहे सख्त अभियान के चलते अपनाया गया। इस अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे तस्करों पर दबाव बढ़ा है।
वहीं गिरफ्तार आरोपित की पहचान विनोद भड़ाना (48) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद जिले के आनंदपुर गांव का रहने वाला है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पहले भी अवैध शराब तस्करी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में दिल्ली आबकारी अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत थाना नेब सराय में मामला दर्ज किया जा चुका है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह के तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं और इसमें कौन-कौन शामिल है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को झटका लगा है। साथ ही, भविष्य में इस तरह के नए तरीकों से की जा रही तस्करी पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजधानी में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *