चोर ने दोस्त के घर से चुराये थे लाखों रुपये के जेवर, गिरफ्तार

0
2e2b3166f334bd4319d2a0747346d3f2

सिद्धार्थनगर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले की खेसरहा थाना एवं सर्विलांस टीम ने बीते दिनों हुए लाखों की चोरी की घटना का खुलासा शनिवार को किया है। पुलिस का दावा है कि चोर ने अपने ही दोस्त के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शनिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि क्षेत्र में ग्राम बरगदवा निवासी शैलेश गौतम ने 26 फरवरी को खेसरहा थाना में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि बीते दिसंबर 2025 माह में वह माता-पिता और पत्नी के साथ कारोबार के सिलसिले में गुजरात गया था। घर पर दादी, उसका छाेटा भाई साहिल और उसकी पत्नी मौजूद थी। 10 दिसंबर 2025 काे चाेर उसके घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गये। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को बरगदवा निवासी विशाल उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के गहने के बिक्री के एक लाख 98 हजार पांच सौ रुपये और 20 लाख रुपये के जेवर बरामद किये हैं।
पूछताछ में अभियुक्त विशाल ने बताया कि उसकी शादी एक साल पहले हुई थी। वह शादी में काफी रुपये का कर्जा हो गया था। साहिल उसका दोस्त है और अक्सर उसके घर पर आना जाना था। एक दिन जब वह साहिल के घर पर था तो उसने साहिल की पत्नी को कमरे की रखी अलमारी में जेवर व चाभी रखते हुए देख लिया था। 10 दिसंबर की रात जब साहिल और उसकी पत्नी सो गये तो वह कमरे में पहुंचा और सारे जेवर चोरी कर अपने घर ले आया। जनवरी महीने में मौका पाकर उसने नेपाल में जाकर छह लाख भारतीय रुपये में बेच दिया। चार लाख रुपये परिवार पर खर्च कर दिए। जब उसे पता चला कि शैलेश ने घर में हुई चोरी की शिकायत पुलिस से की है तो वह गुजरात भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवर बरामद कर लिया। एसपी ने बताया कि चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *