मंत्री सूद ने महाराजा अग्रसेन कॉलेज में स्टूडेंट फैसिलिटी सेंटर का किया उद्घाटन

0
fc79974dd080a1c125d613a66941697c

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को महाराजा अग्रसेन कॉलेज वसुंधरा में नव-निर्मित स्टूडेंट फैसिलिटी सेंटर का उद्घाटन और इंडियन नॉलेज ट्रेडिशन सेंटर, स्पोर्ट्स फैसिलिटी लाउन्ज का शिलान्यास किया। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री ने यहां मल्टीमीडिया सेमिनार हॉल, पांच स्मार्ट क्लासरूम तथा कॉलेज पुस्तकालय में आरएफआईडी -सक्षम लाइब्रेरी मैनेजमेंट सिस्टम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. बलराम पानी (डीन ऑफ कॉलेजेज दिल्ली विश्वविद्यालय) ने की।
इस अवसर पर आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक अवसंरचना, तकनीकी सशक्तिकरण एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट फैसिलिटी सेंटर विद्यार्थियों को एक समग्र एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा, वहीं इंडियन नॉलेज ट्रेडिशन सेंटर भारतीय ज्ञान, संस्कृति एवं परंपराओं के अध्ययन एवं अनुसंधान को नई दिशा देगा। स्मार्ट क्लासरूम एवं आरएफआईडी-आधारित लाइब्रेरी प्रणाली से शिक्षण-प्रशिक्षण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा छात्रों को डिजिटल एवं सुव्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध होंगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि दिल्ली में किसी भी उच्च शिक्षा संस्थान को फंड संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। कोई भी शिक्षक अपनी गरिमा की रक्षा के लिए सड़क पर आने को मजबूर नहीं होगा और कोई भी छात्र आधारभूत संरचना की कमी के कारण पीछे नहीं रहेगा। सरकार विरासत में मिली समस्याओं को उसी तरह समाप्त करेगी, जैसे राजधानी में कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने का काम मिशन मोड़ में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहले की सरकारों के शासन काल में उनके निक्कमेपन, उपेक्षा और राजनीति के कारण अनेक उच्च शिक्षा संस्थान उपेक्षा का शिकार रहे। धनाभाव, वेतन में देरी, निर्माण कार्यों के लिए संसाधनों की कमी जैसी समस्याएँ आम थीं। अब टकराव और अस्थिरता का वह दौर समाप्त हो चुका है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार स्कूलों, कॉलेजों, तकनीकी विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
आशीष सूद ने यह भी कहा कि सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में “स्केल और स्पीड” के साथ काम करने का संकल्प लिया है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में बड़े स्तर पर स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जा रहे हैं। आने वाले समय में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 7 हजार कक्षाओं को स्मार्ट क्लासरूम में परिवर्तित किया जाएगा। परीक्षा के बाद विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षिक भ्रमण और इंटर्नशिप के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
मंत्री ने कहा कि अब दिल्ली का शिक्षा मॉडल केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राजधानी के प्रत्येक कोने तक पहुंचेगा। डीयू कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों, पॉलिटेक्निक और रिसर्च सेंटर्स को एकीकृत मोड में आगे बढ़ाया जाएगा। हमारा उद्देश्य दिल्ली को ‘डिग्री वितरण केंद्र’ नहीं, बल्कि ‘ज्ञान उत्पादन केंद्र’ बनाना है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्षों तक शिक्षा को प्रचार का माध्यम बना दिया गया था, परंतु व्यवस्थागत मजबूती का अभाव था। अब सरकार दिखावे से अधिक सिस्टम को सुदृढ़ करने पर ध्यान दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *