मुख्यमंत्री ने ‘वरदान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव’ का किया उद्घाटन

0
da4e784ab86d06292a5dafeac6533491

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में ‘वरदान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव’ का उद्घाटन किया। 26-27 फरवरी को आयोजित इस महोत्सव को दधीचि देहदान समिति एवं संप्रेषण मल्टीमीडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। फिल्म महोत्सव में 67 लघु फिल्म रील और प्रेरणादायक फिल्में शामिल हैं, जो दर्शकों को अंगदान की संवेदनशीलता से रूबरू कराएंगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अंगदान और देहदान जैसे संवेदनशील विषय पर कला के माध्यम से लोगों को जागरूक करना सच में प्रेरणादायक प्रयास है। ऐसे आयोजन समाज में नई सोच पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि अंगदान केवल एक मेडिकल प्रक्रिया नहीं है। यह किसी को नई जिंदगी देने का सबसे बड़ा उपहार है। एक व्यक्ति का निर्णय कई परिवारों की दुनिया बदल सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अंगदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है, ताकि देश में ज्यादा से ज्यादा लोग इस पवित्र कार्य से जुड़ें। मुख्यमंत्री ने कहा कि आइए, हम सब जागरूक बनें, दूसरों को जागरूक करें और सेवा के इस महान कार्य का हिस्सा बनें।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, विधायक ओम प्रकाश शर्मा, पद्म मनोज जोशी, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर, दधीचि देहदान समिति के संरक्षक आलोक कुमार, अध्यक्ष महेश पंत सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि ‘वरदान अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव’ में चयनित सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र एवं लाखों रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह महोत्सव इस संदेश को सशक्त करता है कि अंगदान और देहदान केवल दान नहीं, बल्कि मृत्यु के बाद भी जीवन देने की महानतम मानवीय परंपरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *