जेएनयू में छात्रों ने कई जगह की तालाबंदी, प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

0
202602233684257

नई दिल्ली{ गहरी खोज }:जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में रविवार देर रात माहौल काफी तनावपूर्ण रहा। यहां प्रदर्शन कर कुछ छात्रों ने कैंपस के कई अकादमिक भवनों पर ताला लगा दिया। प्रदर्शनकारी छात्र केंद्रीय लाइब्रेरी में भी घुसे और वहां पढ़ रहे कुछ छात्रों पर प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया।
यहां कुछ छात्रों को धमकाए जाने की बात भी सामने आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक इसी दौरान दो छात्र समूह आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद झड़प हो गई। प्रशासन ने इन घटनाओं को गंभीर बताते हुए कहा है कि कैंपस में इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विश्वविद्यालय ने नियमों और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत सख्त कार्रवाई की बात कही है।
जेएनयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल सभी क्लास और बाकी शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं। साथ ही सभी छात्रों से अपील की गई है कि वे शांति बनाए रखें और पढ़ाई का माहौल खराब न करें। इसके साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि अगर किसी ने फिर से अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन ने 23 फरवरी को एक आधिकारिक बयान जारी कर परिसर में रविवार रात हुई घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार रविकेश द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी में कहा गया कि प्रदर्शनकारी छात्र केंद्रीय पुस्तकालय में भी प्रवेश कर गए और वहां मौजूद कुछ छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कथित रूप से धमकाया।
विश्वविद्यालय के मुताबिक, अनिच्छुक छात्रों को डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आईं, जिसके बाद दो छात्र समूहों के बीच झड़प हो गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन घटनाओं को ‘गंभीर और चिंताजनक’ बताया है। विश्वविद्यालय ने परिसर में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और विश्वविद्यालय की परंपरा को बाधित करने वाले अव्यवस्थित आचरण की कड़ी निंदा की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय के नियमों के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि परिसर में शैक्षणिक वातावरण को सुचारु रूप से बनाए रखा जा सके। विश्वविद्यालय द्वारा यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में सभी कक्षाएं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखने में योगदान दें।
इसके साथ ही प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति या समूह अवांछित गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *