वर्तमान समय में बौद्धिक क्षमता व गुणवत्ता युक्त शिक्षा की अहम भूमिका:राज्यपाल

0
717b9fed7aa430af9495154ce9906d07

भीलवाड़ा{ गहरी खोज }: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि वर्तमान समय में बौद्धिक क्षमता व गुणवत्ता युक्त शिक्षा की अहम भूमिका है। इससे मानवीय व्यवहार व आचरण को बेहतर बनाने में अमूल्य साबित होगी। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के केंद्र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में उत्कृष्टता के मानक स्थापित करें।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे शुक्रवार को भीलवाड़ा स्थित संगम विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्हाेंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों को गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्रों में उत्कृष्ट मानक स्थापित करने चाहिए। ज्ञान, कौशल और चरित्र ये तीनों किसी भी राष्ट्र की प्रगति के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इन मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन मूल्यों को आत्मसात करें। भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। बड़े सैन्य उपकरणों से लेकर भारी मशीनरी तक का निर्माण देश में ही हो रहा है, जो भारत की बढ़ती क्षमता का प्रमाण है।
दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के 30 स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जबकि 31 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधि दी गई। राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो नए जीवन अध्याय की शुरुआत का अवसर प्रदान करता है। इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को अपनी जड़ों और जीवन मूल्यों को सुदृढ़ रखते हुए नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देना चाहिए।
आईआईएम इंदौर के प्रोफेसर पी.के. सिंह ने भाषाई दक्षता और तकनीकी कौशल को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि बदलती तकनीक के साथ सामंजस्य स्थापित करना अनिवार्य है। विश्वविद्यालय के चेयरमैन रामपाल सोनी ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि संस्थान कौशल आधारित एवं व्यवहारिक शिक्षा प्रदान कर रहा है तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कुलगुरु करुणेश सक्सेना ने विश्वविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत शैक्षणिक शोभायात्रा, दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान से हुई। एनसीसी कैडेट्स द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुलसचिव आलोक कुमार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इससे पूर्व जिला पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। समारोह में पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विश्वविद्यालय बोर्ड सदस्य, प्राध्यापक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *