लोकभवन में 27 फरवरी से मनेगा तीन दिवसीय वसंतोत्सव: राज्यपाल

0
3468cce33b5153e600b6cf3e061c6eb1

देहरादून{ गहरी खोज }: उत्तराखंड लोकभवन में तीन दिवसीय वसंतोत्सव का आयोजन 27 फरवरी से 1 मार्च तक किया जाएगा। विशेष पोस्टल कवर के लिए ‘भोजपत्र’ का चयन किया गया है। इस वर्ष वसंतोत्सव की थीम “फ्लोरल हीलिंग: नेचर्स पाथ टू वेल बीइंग” निर्धारित की गई है। शुक्रवार को लोकभवन में आयाेजित कर्टेन रेजर कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने बताया कि लोक भवन में आयोजित हाेने वाला वसंतोत्सव राज्य की सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। वसंतोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा और प्रकृति प्रेमियों के लिए विशेष अवसर है। यह स्वस्थ और सामाजिक जीवन, समरसता, आर्थिक उन्नति तथा नवजीवन का उद्घोष है। यह आयोजन किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों और युवा उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का मंच प्रदान करता है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्हाेंने बताया कि विशेष पोस्टल कवर के लिए ‘भोजपत्र’ का चयन किया गया है, जिसके सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और औषधीय महत्व को आयोजन में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य में पुष्प उत्पादन के बढ़ते क्षेत्रफल और अनुकूल जलवायु के कारण फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हुई हैं। ऐसे आयोजन पुष्प पर्यटन को भी प्रोत्साहित करते हैं और रोजगार के अवसरों का विस्तार करते हैं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव जीवन भावना और नई संभावनाओं के द्वार खोलता है तथा पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसरों को गति देने का माध्यम बनेगा। इससे स्थानीय उत्पादों और रोजगार को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि पुष्प प्रदर्शनी कार्यक्रम में नवाचार का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फूल श्रद्धा, जीवन और प्रकृति का संदेश देते हैं और आंतरिक भावनाओं को जागृत करते हैं। वसंतोत्सव के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ेगी। कर्टेन रेजर कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि वसंतोत्सव का उद्घाटन 27 फरवरी को प्रातः 10 बजे होगा। 27 फरवरी को दोपहर 1 बजे से सायं 6 बजे तक तथा 28 फरवरी और 01 मार्च को प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक पुष्प प्रदर्शनी आमजन के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। वसंतोत्सव में 15 मुख्य प्रतियोगिता श्रेणियों की 55 उपश्रेणियों में कुल 165 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण 1 मार्च को किया जाएगा। कट फ्लावर, पॉटेड प्लांट्स, बोन्साई, कैक्टस एवं सक्यूलेंट्स, टेरारियम, हनी, हैंगिंग पॉट्स, रंगोली तथा विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष पहली बार हाइड्रोपोनिक कल्टीवेशन टेक्नोलॉजी (सोयल-लेस तकनीक) का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन में 30 से अधिक विभागों की सहभागिता रहेगी। सांस्कृतिक संध्या, बैंड प्रदर्शन, फूड कोर्ट में “मिलेट्स एवं स्वाद उत्तराखण्ड” थीम आधारित स्टॉल, डाक टिकट प्रदर्शनी और आर्ट गैलरी भी प्रमुख आकर्षण होंगे। कृषि एवं कृषक कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 03 कृषकों, 03 महिला कृषकों तथा 03 युवा स्टार्टअप उद्यमियों को गवर्नर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *