हेरोइन तस्करी का आरोपी दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

0
139e9d1dd443c518b970e1cfff9c4fa2

कुल्लू{ गहरी खोज }: थाना भुंतर के अंतर्गत पुलिस द्वारा हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपियों के बाद पुलिस ने हेरोइन बेचने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी उस दौरान पकड़ा गया जब वह दुबई जाने की तैयारी कर रहा था। मामला 29 जनवरी को सामने आया था जब पुलिस थाना भून्तर में धारा 21 एवं 29 मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था । उक्त मामले में दो आरोपियों गुरवेन्द्र (22) निवासी जिला संगरूर (पंजाब) तथा हरमन सिंह (22) निवासी जिला संगरूर (पंजाब) के कब्जे से 29 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था ।
अन्वेषण के दौरान आरोपियों से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि बरामद हेरोइन/चिट्टा उन्होंने पुनीत कुमार उर्फ पैरी (26 वर्ष) निवासी रामपुरा जवाहरवाला, तहसील लहरागागा, जिला संगरूर (पंजाब) से ₹31,500/- में खरीदी थी ।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि इस खुलासे के आधार पर आरोपी पुनीत कुमार उर्फ पैरी की तलाश की गई, जो अपने निवास स्थान से फरार पाया गया । विश्वसनीय सूचना के आधार पर उसके विदेश भागने की आशंका के चलते उसके विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया ।
दिनांक 19 फरवरी को आरोपी को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नई दिल्ली में इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा दुबई जाने के प्रयास के दौरान रोक लिया गया । तत्पश्चात उसे पुलिस थाना भून्तर लाकर पूछताछ की गई । पर्याप्त साक्ष्य एवं संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को आज 20 फरवरी को धारा 29 मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत विधिवत गिरफ्तार किया गया । आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है । मामले में आगामी अन्वेषण जारी है । एसपी कौशल ने कहा कि जिला पुलिस कुल्लू आमजन से अपील करती है कि मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *