डेढ़ साल से फरार शाही महात्मा गैंग का सप्लायर गिरफ्तार

0
5b6b4307fa4f2670f1c8793cdc2ce2ed

शिमला{ गहरी खोज }:हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शाही महात्मा गैंग के एक कथित सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जो करीब डेढ़ साल से फरार चल रहा था। पुलिस थाना कोटखाई में दर्ज मामले में प्रदीप कुमार उर्फ रांटा (38) निवासी गांव बिजौरी, तहसील रोहड़ू को 19 फरवरी 2026 को पकड़ा गया। उस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 27ए, 29 और बीएनएस की धारा 111 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक इस मामले की शुरुआत 19 सितंबर 2024 को हुई थी, जब मुद्दसीर अहमद मोची नाम के आरोपी से 468.380 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ था। जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अब तक 57 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें कथित मुख्य सरगना शाही महात्मा भी शामिल है।
जांच में सामने आया कि प्रदीप कुमार उर्फ रांटा इस गिरोह के लिए बाहरी राज्यों से चिट्टा लाकर रोहड़ू इलाके में सप्लाई करता था और शाही महात्मा का मुख्य सहयोगी था। पुलिस का कहना है कि इस गैंग का नेटवर्क 500 से ज्यादा नशा करने वाले लोगों तक फैला हुआ था। पुलिस के अनुसार मुद्दसीर की गिरफ्तारी के बाद प्रदीप कुमार फरार हो गया था। बाद में शाही महात्मा को तो पकड़ लिया गया, लेकिन प्रदीप करीब डेढ़ साल तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने शुक्रवार को बताया कि कोटखाई थाना और ठियोग सब-डिवीजन की विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा है कि आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *