दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

0
bdfbdfc7a52cc7edc9e013b5242fa89a

जांजगीर चांपा{ गहरी खोज }: कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज जांजगीर चांपा जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विकास कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत करने और कार्य पूर्ण होने पर स्थल को पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश दिए गए।
सांसद ने बालिका विद्यालयों में शौचालय निर्माण को प्राथमिकता देने, अधूरे निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कर उपयोग में लाने तथा दूरस्थ और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में नई राशन दुकानों के प्रस्ताव भेजने को कहा। मनरेगा के तहत अधिक मजदूरी आधारित कार्य स्वीकृत कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। विद्युत लाइन विस्तार, ट्रांसफार्मर उन्नयन और नए उपकेंद्र स्थापना प्रस्तावों की भी समीक्षा हुई।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़कों की स्थिति, सामाजिक सहायता पेंशन प्रकरणों के निराकरण और आवास योजना के अधूरे मकानों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। कृषि योजनाओं के अंतर्गत किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज-खाद उपलब्ध कराने, फसल बीमा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और कृषि बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया। सिंचाई, पशुपालन, डेयरी और आंगनबाड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मातृ-शिशु सेवाओं, टीकाकरण और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षा विभाग को जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *