कौशल चौधरी गैंग का शूटर कुलदीप सिंह गिरफ्तार

0
1361963dd148e13ec183793554f1e49d

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात कौशल चौधरी गैंग के मास्टरमाइंड और शूटर कुलदीप सिंह (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर बुराड़ी के एक कारोबारी की हत्या की साजिश रचने और पंजाब में 5 करोड़ रुपये की रंगदारी व फायरिंग मामले में संलिप्तता का आरोप है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने रविवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की एंटी-गैंगस्टर स्क्वाड टीम ने नर्सरी रोड, द्वारका सेक्टर-17 के पास जाल बिछाकर आरोपित को उस समय दबोचा जब वह स्कूटी पर सवार होकर भागने की कोशिश कर रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल (7.62 एमएम), एक 7.65 एमएम पिस्टल लोडेड अवस्था में और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामद स्कूटी मुरादनगर थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे की पाई गई।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच में खुलासा हुआ कि विदेश में बैठे गैंगस्टर पवन शौकीन और गुरुदीप उर्फ पा़जी ने दिल्ली में हत्या की साजिश रची थी। गैंग का मकसद बुराड़ी के एक कारोबारी की हत्या कर राजधानी में अपनी दहशत कायम करना और संगठित उगाही रैकेट खड़ा करना था। पुलिस के मुताबिक कुलदीप सिंह पहले भी 2024 में पंजाब के होशियारपुर में पाचं करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। वह अगस्त 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 2019 में संपत्ति विवाद में उसके पिता की हत्या के बाद उसने बीए सेकेंड ईयर की पढ़ाई छोड़ दी और गलत संगत में पड़ गया। वह भलस्वा डेयरी इलाके का रहने वाला है। परिवार में मां, पत्नी और बड़ा भाई है। आरोपित ने खुलासा किया कि उसे गैंग के सदस्यों ने एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए संपर्क में रखा। हथियार हरियाणा के अंबाला से मुहैया कराए गए थे। कुछ हथियार प्रयागराज (उप्र) में उसके संपर्कों को भी दिए गए थे। उसने बुराड़ी के कारोबारी की रेकी भी कर ली थी और पंजाब व उप्र के गैंग सदस्यों के साथ मिलकर हत्या की योजना को अंतिम रूप दे रहा था। जांच में पता चला है कि कुलदीप सिंह के खिलाफ दिल्ली और पंजाब में कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, रंगदारी, आपराधिक धमकी और फायरिंग के मामले शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *