‘डबल इंजन’ सरकार के वादों के झांसे में न आएं: प्रियंका गांधी
बेगूसराय{ गहरी खोज }: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को लोगों से ‘डबल इंजन सरकार’ के वादों के झांसे में न आने और बदलाव के लिए मतदान करने की अपील कि। प्रियंका ने बिहार के बेगूसराय में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में आए लोगों का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘आप सभी लोग बारिश के बावजूद यहां आए, मैं आप सभी का हृदय से स्वागत करती हूं। यह धरती, जिसने देश के गौरव और विकास में इतना योगदान दिया, उसे वैसा विकास क्यों नहीं मिला जैसा मिलना चाहिए था?’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे संविधान ने आपको सबसे बड़ी चीज दी, आपका मत। लेकिन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने आपके इस अधिकार को कमजोर किया है। उन्होंने समाज में विभाजन फैलाया, झूठी राष्ट्रभक्ति फैलाई और मतदाता सूची से 65 लाख नाम काट दिए। मतदाता सूची से नाम काटना अधिकारों का उल्लंघन है, जो आपकी रोजमर्रा की जिंदगी और हकों को धीरे-धीरे छीनता है।’’
प्रियंका गांधी ने कहा कि राजग के बड़े नेता जब बिहार आते हैं, तो ‘‘या तो 20 साल आगे की बात करते हैं या फिर बीते समय में नेहरू जी और इंदिरा जी का जिक्र करते हैं। लेकिन वे आपके वर्तमान की बात नहीं करते, न बेरोजगारी की, न पलायन की, न किसानों की समस्या की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘बिहार के लाखों परिवारों के पुरुष रोजगार की तलाश में अपने खेत-खलिहान छोड़कर दूसरे राज्यों की फैक्टरियों में काम करने को मजबूर हैं। यह व्यवस्था की विफलता है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘देश में निजीकरण चरम पर है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बड़ी सरकारी कंपनियां अपने कॉर्पोरेट मित्रों को सौंप दी हैं। वे अब कह रहे हैं कि 1.5 करोड़ नौकरियां देंगे तो बीते 20 वर्षों में क्यों नहीं दीं? यह जनता को छलने का प्रयास है।’’ प्रियंका ने सवाल किया, ‘‘वे बड़े-बड़े आयोजन करते हैं, प्रचार करते हैं और कहते हैं कि आपके जीवन में बदलाव आ गया है। बताइए, क्या किसी का जीवन वास्तव में बदला?’’
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। शाम को घर से बाहर निकलना भी मुश्किल है। ऐसे में ‘डबल इंजन’ सरकार के वादों पर भरोसा मत कीजिए। कोई डबल इंजन नहीं है, सरकार एक ही है जो दिल्ली से चलती है। न आपकी बात सुनी जा रही है, न आपके मुख्यमंत्री की।’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘राज्य की जमीनें औने-पौने दामों पर कॉर्पोरेट्स को दी जा रही हैं। अगर आप इस स्थिति से निकलना चाहते हैं तो बदलाव जरूरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पहले उन्होंने (राज्य सरकार ने) लोगों को बांटा, फिर युद्धों का हवाला दिया और अब वोट चुराने की साजिश कर रहे हैं। लेकिन अब जनता जाग चुकी है। वे अतीत की बात करते हैं, तो मैं भी पूछना चाहती हूं, कारखाने किसने लगाए? आईआईटी, आईआईएम किसने बनाए? कांग्रेस और नेहरू जी ने।’’
प्रियंका ने कहा, ‘‘राहुल गांधी सामाजिक न्याय और जाति आधारित जनगणना की बात इसलिए करते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि पिछड़े वर्गों को आज भी उनका पूरा हक नहीं मिला। कांग्रेस ने कर्नाटक में जाति आधारित जनगणना कराई और लोग उससे खुश हैं।’’ उन्होंने महिलाओं से कहा, ‘‘मोदी जी ने आपकी कठिनाइयों को दूर करने के लिए क्या किया? कुछ नहीं। अब 10,000 रुपए देने की बात कर रहे हैं। ठीक है, पैसे ले लीजिए लेकिन वोट मत दीजिए।’’ कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘यह चुनाव बिहार के संसाधनों को बचाने, शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देने और कॉर्पोरेट नियंत्रण से राज्य को मुक्त करने का अवसर है।’’ उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर वृद्धावस्था पेंशन 1,500 रुपए प्रति माह की जाएगी, जिसमें हर साल 200 रुपए की वृद्धि होगी। साथ ही, ‘‘राज्य में एक ‘जॉब कैलेंडर’ बनेगा और उसे सख्ती से लागू किया जाएगा।’’ प्रियंका ने अंत में कहा, ‘‘बदलाव का समय आ गया है। इस बार वोट विकास और सम्मान के लिए दीजिए, वादों के छलावे में नहीं।’’
