देहरादून परेड ग्राउंड पर जलाया जाएगा 121 फुट का रावण

देहरादून{ गहरी खोज }: बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा 2 अक्टूबर को परेड ग्राउंड पर अहंंकार के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। बन्नू बिरादरी इस आयाेजन के लिए खास तैयारियां कर रहा है। परेड ग्राउंड पर रावण की लंका को सजाया जा रहा इस साल 121 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही 70-75 फुट के मेघनाथ व कुंभकरण का पुतला भी दहन किया जाएगा।
बन्नू बिरादरी इस बार 78वां दशहरा पर्व मना रही है। बन्नू बिरादरी दशहरा कमेटी के प्रधान संतोख सिंह नागपाल ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी बिरादरी पूरे उत्साह के साथ दशहरा पर्व मनाएगी। इस बार 45 गुणा 45 फुट की लंका बनाई गई है और द्वार पर दो और पुतल भी खड़े किए गए हैं। आकर्षक लाइटिंग से लंका के साथ ही पुतलों को सजाया गया है। उन्होंने बताया कि दशहरे के दिन श्रीराम की शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। शोभा यात्रा दिन में 2 बजे कालिका मंदिर स्थित श्री गोपीनाथ मंदिर से प्रारंभ होगी। अंसारी मार्ग, पलटन बाजार, घंटाघर, एस्लेहॉल गांधी पार्क से होते हुए परेड ग्राउंड पर पहुंचेगी। शाम 5 बजे लंका दहन के बाद मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलाें का और शाम 6ः05 बजे रावण पुतला के दहन का कार्यक्रम होना है। 3 अक्टूबर को भरत-मिलाप कार्यक्रम भी परेड ग्राउंड पर शाम 4ः00 बजे आयोजित किया जाए।
बन्नू बिरादरी के अध्यक्ष सरदार संतोख सिंह नागपाल, हरीश डोरा, अमित कपूर, प्रेम भाटिया, संजय चांदना, संजीव विरमानी, अमित भाटिया, रमेश खनिजो, आनंद मुनियाल, मनोज साहनी, दीपक ग्रोवर, ऋषि, चंदन दुआ, कृष्णा, अभिषेक वाधवा व अन्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।