महाराष्ट्र के कई जिलों में बाढ़ का कहर जारी, दो हाईवे बंद, रेल सेवा प्रभावित

0
20250924131133_26

मुंबई{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र के कई जिलों में मूसलाधार बारिश और जलाशयों का पानी नदियों में छोड़े जाने से बाढ़ का कहर बुधवार को भी जारी है। सोलापुर जिले में सीना नदी का जलस्तर बढ़ जाने से दो हाईवे बंद कर दिए गए हैं और रेलवे सेवा तथा एसटी परिवहन की बस सेवा भी प्रभावित हो गई है। सोलापुर, बीड़, धाराशिव , संभाजीनगर जिले में जिला प्रशासन सहित एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य कर रही हैं। आपदा प्रबंधन विभाग ने प्रभावित जिलों में सतर्क रहने का और नागरिकों को आवश्यक होने पर ही घर से निकलने का निर्देश जारी किया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बाढ़ प्रभावित जिले सोलापुर का दौरा करने के लिए माढ़ा तहसील में पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री आज निमगांव, दारफल, सुल्तानपुर, कावाअ, केवल आदि गांवों में जाकर प्रभावित किसानों से मिलने वाले हैं। इसी तरह उपमुख्यमंत्री अजीत पवार, कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे, पंकजा मुंडे भी बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर रहे हैं।
आपदा प्रबंधन सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मराठवाड़ा में पिछले 24 घंटों में सभी सात जिलों के 129 मंडलों में भारी बारिश दर्ज की गई। बीड और धाराशिव जिलों में बाढ़ में फंसे 80 से अधिक नागरिकों को बचाया गया है। अब तक प्राकृतिक आपदा के कारण 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 337 जानवर मारे गए हैं। अनुमान है कि पिछले 3 दिनों में 2 लाख हेक्टेयर में फसलें प्रभावित हुई हैं।
छत्रपति संभाजी नगर जिले में लगभग आठ दिनों से बारिश हो रही है। इस साल बारिश ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। लगातार हो रही लगातार बारिश के कारण कन्नड़, वैजापुर, सिल्लोड, सोयगांव, गंगापुर, खुलताबाद तालुका के कई गांव जलमग्न हैं। वेरुल, कसाबखेड़ा, मम्बापुर, पलासवाड़ी, तलावडी, शादुलवाड़ी, शेखापुरी, तिसगांव, निरगुडी, पिंपरी, पलासगांव, अखतवाड़ा और खुल्ताबाद तहसील के आसपास के इलाकों में फसलें बर्बाद हो गई हैं। भारी बारिश के कारण सोलापुर में भयावह स्थिति पैदा हो गई है। खेत नदियां बन गए हैं, घरों में पानी घुस गया है।
सीना नदी में बाढ़ आने से पुणे-सोलापुर और सोलापुर- कोल्हापुर हाईवे बंद कर दिया गया है। बाढ़ के कारण एसटी परिवहन की बस सेवा ठप हो गई है। दूसरी ओर सोलापुर में रेलवे ट्रैक पर पानी होने के कारण वंदे भारत एक्सप्रेस अभी भी स्टेशन पर खड़ी है। रेलवे पुल पर पानी भर गया है, इसलिए नदी का प्रवाह सामान्य होने तक यातायात बाधित रहेगा। इसके अलावा, अन्य ट्रेनें भी स्थगित हैं।
सोलापुर में सीना नदी में आई बाढ़ के कारण कई राजमार्ग बंद हो गए हैं, जिससे अन्य क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। पश्चिमी महाराष्ट्र, कोंकण, मुंबई और विदर्भ जाने वाली एसटी बसें सोलापुर में फंसी हुई हैं। सोलापुर से अन्य स्थानों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। सोलापुर जिले में बाढ़ जैसी स्थिति में, जिला आपदा प्रबंधन सोलापुर के अनुरोध पर कोल्हापुर से श्वेत सेना की टीम बाढ़ बचाव कार्य करने के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच गई है। साथ ही, लगभग 15 वाडा बस्तियों से सौ ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने का काम किया गया। रात का बचाव अभियान रोक दिया गया था। आज सुबह माढा तहसील क्षेत्र में बचाव अभियान शुरू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *