सीएबीआई अध्यक्ष ने राष्ट्रपति से मिलकर पहले दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप का विवरण प्रस्तुत किया

0
dda82083819a419c3e7c67d66ec879ac

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (सीएबीआई) के अध्यक्ष डॉ. महंतेश जी. किवादासन्नवर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर पहले दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप 2025 का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री तथा टूर्नामेंट की आयोजन समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी लेखी भी थीं।
यह विश्व कप 11 से 25 नवंबर तक आयोजित होगा और इसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से करेंगे। मैच नई दिल्ली, बेंगलुरु और श्रीलंका के कोलंबो में होंगे। टूर्नामेंट में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और अमेरिका की टीमों भाग ले रही हैं।
सीएबीआई की ओर से शनिवार को जारी बयान में क्रिकेट संघ के अध्यक्ष डॉ. किवादासन्नावर ने कहा कि राष्ट्रपति से मिलना और इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का विवरण प्रस्तुत करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है, जो दुनिया भर में दृष्टिबाधित महिला क्रिकेटरों के समावेश, साहस और खेल भावना का जश्न मनाता है। आयोजन समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी लेखी ने कहा कि राष्ट्रपति सभी महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं। दिव्यांग पुरुष और महिलाएं इस पूरे सफर में उनके द्वारा दिए गए समर्थन के लिए बहुत आभारी हैं।
समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड की क्रिकेट शाखा सीएबीआई द्वारा आयोजित यह विश्व कप विशेष रूप से दिव्यांग महिला खिलाड़ियों के लिए, समावेशी और न्यायसंगत खेल मंच बनाने में भारत के वैश्विक नेतृत्व को दर्शाता है। भारतीय महिलाएं निडर होकर क्रिकेट खेलने और घरेलू धरती पर एक और ऐतिहासिक अध्याय लिखने के लिए तैयार हैं।

दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम

बी1 श्रेणी: सिमू दास (दिल्ली), पी. करुणा कुमारी (आंध्र प्रदेश), अनु कुमारी (बिहार), जमुना रानी टुडू (ओडिशा), काव्या वी (कर्नाटक)

बी2 श्रेणी: अनेखा देवी (दिल्ली), बसंती हंसदा (ओडिशा), सिमरनजीत कौर (राजस्थान), सुनीता सराठे (मध्य प्रदेश), पारबती मार्ंडी (ओडिशा)

बी3 श्रेणी: दीपिका टी सी (कर्नाटक – कप्तान), फूला सोरेन (ओडिशा), गंगा एस कदम (महाराष्ट्र – उप कप्तान), काव्या एन आर (कर्नाटक), सुषमा पटेल (मध्य प्रदेश), दुर्गा येवले (मध्य प्रदेश)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *