कृषि क्षेत्र में आधुनिकता को अपनाने से किसान की आय हो रही दोगुनीः शिवराज

0
446482b068fe50b95da88b3154cefd70
  • केन्द्रीय कृषि मंत्री ने दतिया में आधुनिक पशु चिकित्सकीय परिसर, पशुधन और आवासीय परिसर का किया लोकार्पण

भोपाल{ गहरी खोज }:केन्द्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति अद्भुत है। इसमें एक ही चेतना सभी प्राणियों में वास करती है। इस पवित्र धरा पर पशुओं में भी देवताओं का वास माना जाता है। आज हमारे देश के प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में किसान कल्याण के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं और नई-नई योजनाए लाई जा रही है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और कृषि के साथ-साथ पशुपालन को भी जोड़कर उनके जीवन को और बेहतर बनाया जा रहा है। कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान भाई उसकी आत्मा है। आज कृषि के क्षेत्र में आधुनिकता को अपनाया जा रहा है, जिससे किसान की आय दोगुनी हो रही है। इसके साथ पशुपालन से जोडकर उनकी आय में वृद्धि की जा रही है। उन्होंने कहा कि बहनों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना के साथ-साथ उन्हें लखपति दीदी बनाने का शासन का लक्ष्य है और उसके लिए हम कृत संकल्पित है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान मंगलवार को मध्य प्रदेश के दतिया में पशु चकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यलय के आधुनिक पशु चिकित्सकीय परिसर, पशुधन और आवासीय परिसर के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा नागरिकों के लिए चिकित्सा के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की सुविधाएं दी जा रही है, तो क्यों न पशुओं को भी वहीं वेहतर सुविधाएं प्रदान की जाए, जिससे किसान भाई जो पशुपालन करते हुए एवं उनकी आजीविका उस पर निर्भर करती है, उनको फायदा मिलेगा और उनकी आमदनी बढ़ेगी। इस धारणा को ध्यान में रखते हुए नवीन परिसर का आज लोकार्पण किया।
उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को इस नवीन परिसर के लोकार्पण के बाद कई तरह से फायदा पहुंचेगा। वह अपने पशुओं का इलाज कराएंगे, साथ ही अपनी आमदनी पशुपालन में किस प्रकार बढ़ा सकते है। इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। पशुपालन को एफपीओ से भी जोड़ा जायेगा। किसान भाइयों के लिए पशु मेले का आयोजन भी किया जायेगा। दूध प्रोसिंग के लिए नई तकनीक को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस नई सौगात से जागरण की नई बयार बहेगी, जिससे पशुपालकों का भी उद्धार होगा।
केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि मत्स्यिकी के कोर्स यहां प्रारंभ हो गए हैं, इसके साथ-साथ वीसीआई से चर्चा कर यहां वेटनरी कोर्स भी प्रारंभ किये जाएंगे, जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इस क्षेत्र में शिक्षा पूरी करने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि पशुओं की सेवा करना सबसे बड़ी सेवा है और लोगों को रोजगार से जोड़ना भी बड़ी सेवा है। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कृषि का पूरा परिदृश्य बदल रहा है। कृषकों को लाभान्वित करने के लिए नित नए प्रयास किये जा रहे। अब प्रयास रहेगा हर गांव से गरीबी को दूर किया जाए और हर कच्चे घर को पक्के में बदला जाए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी वस्तु को अपनी जवीन शैली में अपनाएं और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इससे जोड़े। केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कार्यक्रम के दौरान परिसर में पौधारोपण भी किया।
क्षेत्रीय सांसद संध्या राय ने कहा कि इस नई सौगात से किसानों, मघुआरों को लाभ तो पहुंचेगा, साथ ही उनकी आजीविका में वृद्धि होगी। शासन की कई सारी योजनाएं किसानों, बहनों, युवाओं, गरीब के कल्याण के लिए लाई गई है। शासन द्वारा किसान भाइयों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। किसान सम्मान निधि से आज किसान भाइयों को 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। कृषि जगत में आधुनिकता लाकर नित नए आयम रचे जा रहे हैं। उन्होंने इस बड़ी उपलब्धि पर केन्द्रीय मंत्री चौहान को घन्यवाद दिया और उपस्थितजन को बधाई दी।
आईसीएआर के सचिव एवं महानिदेशक डॉ. एमएल जाट ने कहा कि बुन्देलखण्ड की धरती कृषि क्रांति का इंतजार कर रही है और इस प्रकार की नई सौगात देकर कृषि क्रांति के माध्यम से क्षेत्र को विकसित करना है। यह सौगात निश्चित ही क्षेत्र वासियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
उल्लेखनीय है कि सितम्बर 2020 में केन्द्र के तत्कालीन कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने इस अस्पताल, महाविद्यालय की आधार शिला रखी थी। 350 करोड़ की लागत से 186 एकड़ में फैला यह परिसर पांच साल में बनकर तैयार हुआ है। मप्र, उत्तर प्रदेश और पूरे बुन्देलखंड क्षेत्र में इस स्तर का कोई दूसरा पशु अस्पताल नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *