नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास

0
80u5023o_neeraj-budapest_625x300_28_August_23

संपादकीय { गहरी खोज }: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक प्रतियोगिता में अपनी अलग पहचान विश्व स्तर पर बनाने में सफलता पाई, लेकिन भाला फेंकने में 90 मीटर की रेखा पार करना अब तक उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती व बाधा बनी हुई थी। गत शुक्रवार को दोहा में आयोजित डायमंड लीग मुकाबले में नीरज चोपड़ा 90.23 मीटर भाला फेंककर 90 मीटर वाली बाधा को पार करते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त करने में सफल रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर 91.06 मीटर के साथ शीर्ष पर और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 85.64 मीटर के साथ तीसरे नंबर पर रहे। यह बेहतरीन प्रदर्शन न केवल उनकी निजी उपलब्धि है, बल्कि भारतीय एथलेटिक्स के लिए भी एक गौरवपूर्ण क्षण भी है। नीरज चोपड़ा के करियर में 90 मीटर पार करने की यह उपलब्धि लंबे समय से प्रतीक्षित थी। वह कई बार इस आंकड़े के करीब पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही सेंटीमीटर से चूक जाते थे। टोक्यो ओलिंपिक 2021 में उन्होंने 87.58 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन तब भी वह 90 मीटर की सीमा से पीछे रह गए थे। इसके बाद 2022 में स्टाकहोम डायमंड लीग में नीरज ने 89.94 मीटर की थ्रो फेंकी थी। उस समय वह मात्र 6 सेंटीमीटर से 90 मीटर के आंकड़े को पार करने से चूक गए थे। उसी वर्ष विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 88.13 मीटर फेंका और रजत पदक जीता, लेकिन 90 मीटर अब भी दूर था। 2023 में लाजेन डायमंड लीग में उन्होंने 87.66 मीटर की थ्रो के साथ जीत दर्ज की, लेकिन प्रशंसकों की निगाहें अब भी उस दिन का इंतजार कर रही थीं जब नीरज 90 मीटर को पार करेंगे। अंततः दोहा डायमंड लीग 2025 में वह दिन आ ही गया। ऐसा करने वाले वह दुनिया के 25वें और एशिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए। 2 ओलिम्पिक पदक जीत चुके 27 वर्षीय चोपड़ा ने तीसरे प्रयास में 90.23 मीटर का थ्रो फेंका। उनके मौजूदा कोच चैक गणराज्य के जॉन जेलेंजी 90 मीटर से अधिक का थ्रो फेंकने वाले भाला फेंक खिलाड़ियों में शीर्ष पर हैं। ओलिम्पिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम (92.97) और चीनी ताइपै के चाओ सुन चेंग (91.36) ही एशिया के 2 अन्य खिलाड़ी हैं जो 90 मीटर से अधिक का थ्रो फेंक चुके हैं।
नीरज चोपड़ा की प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं- • 2016-विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप, स्वर्ण पदक, 86.48 मीटर की दूरी पर थ्रो कर विश्व यू 20 रिकॉर्ड बनाया। • 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स (Gold Coast, Australia) स्वर्ण पदक (86.47 मी.), भारत का पहला कॉमनवेल्थ गेम्स में जैवलीन थ्रो स्वर्ण। 2018 एशियाई खेल (Jakarta) स्वर्ण पदक (88.06 मी.), नया खेल रिकॉर्ड भी स्थापित, 2021 टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक (87.58 मी.), पहला भारतीय एथलीट जिन्होंने ट्रैक एवं फील्ड में ओलंपिक स्वर्ण जीता। 2022-2023 डायमंड लीग प्रदर्शन विभिन्न दौरों (Lausanne, Stockholm, Doha आदि) में लगातार पदक, 2023 में डायमंड लीग ट्रॉफी विजेता बने, भारत के पहले एथलीट जिन्होंने सीजन लांग प्रतियोगिता में ट्राफी जीती, • दोहा प्रतियोगिता से पहले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ एवं राष्ट्रीय/एशियाई रिकॉर्ड व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ (पीबी): 89.94 मीटर (Stockholm Diamond League, 2023), यह राष्ट्रीय एवं एशियाई रिकॉर्ड भी है।
भारत के इस एथलीट ने अपनी लग्न, मेहनत व दृढ़ इच्छाशक्ति से जो इतिहास रचा है वह भारतीयों के लिए जहां गर्व व हर्ष की बात है वहीं युवा खिलाड़ियों के प्रेरणा का स्रोत भी है। नीरज चोपड़ा को इस नये रिकॉर्ड के व रचे इतिहास के लिए बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *