विदिशा मेडिकल कॉलेज में 6-7 जून को निशुल्क कैंसर जांच शिविर : शिवराज

0
3229fb75492fa469313880a84c18c9f5

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और विदिशा संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को बताया कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 6 व 7 जून को विदिशा मेडिकल कॉलेज में विशेष निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर लगाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इस शिविर में देश के प्रतिष्ठित टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल, मुंबई के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ-साथ एम्स भोपाल के विशेषज्ञ चिकित्सक भी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। शिविर के दौरान मरीजों को कैंसर स्क्रीनिंग की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आवश्यकता के अनुसार विशेष जांचें भी की जाएंगी, जिससे बीमारी की समय रहते पहचान सुनिश्चित हो सके। साथ ही विशेषज्ञ, परामर्श देकर मरीजों को आगे के उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन भी देंगे।
मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आर्थिक स्थिति और जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रहे। अक्सर लोग कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के नाम मात्र से भयभीत हो जाते हैं, जबकि जागरूकता, समय पर जांच और सही उपचार के माध्यम से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कैंसर का सफल उपचार तभी संभव है, जब उसकी पहचान शुरुआती अवस्था में हो जाए। समय पर कराई गई जांच न केवल रोगी का जीवन बचा सकती है, बल्कि पूरे परिवार को संकट से भी सुरक्षित रख सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *