मंत्रिमंडल में विभागों के बंटवारे से पहले शुभेंदु अधिकारी दिल्ली रवाना

0
bf8468ac64da0e1594fc7b4e68e504cf

कोलकाता{ गहरी खोज }: पश्चिम बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार और नए मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शुक्रवार को राजनीतिक हलचल तेज हो गई। विभागों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अचानक दिल्ली रवाना होने से राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में 35 नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। इसके बाद राज्य मंत्रिमंडल की पहली बैठक भी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री ने की थी। इस बैठक के बाद यह संकेत दिया गया था कि शुक्रवार को नए मंत्रियों के बीच विभागों का औपचारिक बंटवारा किया जाएगा।
इसी बीच, शुक्रवार सुबह राजनीतिक घटनाक्रम ने अचानक नया मोड़ ले लिया। नवान्न से जुड़े सूत्रों के अनुसार, विभागों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही शुभेंदु सुबह करीब 11 बजे की उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
हालांकि, प्रशासन या संबंधित राजनीतिक दल की ओर से इस यात्रा के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। इससे राजनीतिक हलकों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है कि यह यात्रा केवल औपचारिक या शिष्टाचार भेंट भर नहीं है, बल्कि इसके पीछे किसी बड़े राजनीतिक संकेत की संभावना भी जताई जा रही है।
गौरतलब है कि, मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों के बंटवारे को लेकर पहले से ही असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच इस तरह अचानक हुई यात्रा ने राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
दरअसल, दिल्ली दौरे के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकती है तथा राज्य की राजनीतिक दिशा में किसी बड़े बदलाव के संकेत मिल सकते हैं। फिलहाल न तो राज्य सरकार और न ही संबंधित राजनीतिक दल की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि शुभेंदु के शुक्रवार देर रात तक कोलकाता लौटने की संभावना है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली यात्रा के बाद राज्य की राजनीतिक समीकरणों में क्या नया मोड़ आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *