स्वीडन पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी, ग्रिपेन फाइटर जेट्स ने किया एस्कॉर्ट

0
T20260517209266

स्टॉकहोम{ गहरी खोज }: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को स्वीडन पहुंचे। इस दौरान पीएम के विमान को स्वीडिश लड़ाकू जेट्स ग्रिपेन ने एस्कॉर्ट किया। नीदरलैंड में प्रधानमंत्री रॉब येतन ने विदा किया था तो स्वीडिश पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन ने उनका गुटेनबर्ग हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी का विमान जैसे ही स्वीडन की सीमा में पहुंचा, स्वीडिश वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उन्हें विशेष सुरक्षा मुहैया कराई। इससे पहले यूएई पहुंचने पर भी ऐसा ही नजारा दिखा था, जहां एफ16 जेट विमान ने पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया था।
भारत के प्रधानमंत्री रविवार और सोमवार को स्वीडन में रहेंगे। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर ये यात्रा हो रही है। दौरे के दौरान दोनों नेता भारत और स्वीडन के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और व्यापार, निवेश तथा नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
भारत और स्वीडन के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2025 में 7.75 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। दोनों देशों के बीच पर्यावरण हितैषी तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), उभरती प्रौद्योगिकियां, स्टार्टअप, लचीली सप्लाई चेन, रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा।
स्वीडन में भारत के राजदूत अनुराग भूषण के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वीडन दौरा दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने, सहयोग बढ़ाने और लोगों के बीच जुड़ाव को गहरा करने के लिए बहुत जरूरी है।
भूषण ने कहा कि स्वीडन में रहने वाले भारतीय इस दौरे को लेकर बहुत उत्साहित हैं, जिससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और कूटनीतिक जुड़ाव और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री, स्वीडिश पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन के बुलावे पर आ रहे हैं। तो बेशक वे क्रिस्टर्सन और उनकी लीडरशिप टीम के साथ द्विपक्षीय कंसल्टेशन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री स्वीडन की बिजनेस कम्युनिटी के साथ भी बातचीत करेंगे। वे यूरोपीय राउंडटेबल ऑफ इंडस्ट्री के सदस्यों को भी संबोधित करेंगे, जो यूरोप की टॉप कंपनियों का एक ग्रुप है।”
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, स्वीडन के प्रधानमंत्री और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ ‘यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री’ कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। यह मंच यूरोप की बड़ी कंपनियों और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों का एक महत्वपूर्ण समूह माना जाता है। पीएम इससे पहले वर्ष 2018 में पहले भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए स्वीडन गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *