एटीएम काटकर 19.32 लाख उड़ाने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 22,500 रुपये और कार बरामद

0
574da131d8a5cc77cefa2f6df457602c

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर करीब 19.32 लाख रुपये चोरी करने के मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी 26 वर्षीय रॉबिन के रूप में हुई है। वह कुख्यात अंतरराज्यीय एटीएम कटर इमरान मेवाती गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार और चोरी की रकम में से 22,500 रुपये बरामद किए हैं।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने सोमवार को बताया कि मंडावली थाने में 30 अप्रैल को इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत हिटाची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के लीगल एडवाइजर गौरव बैसला ने दी थी। शिकायत में बताया गया कि वेस्ट विनोद नगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक एटीएम में 29 अप्रैल को दोपहर 2:11 बजे 22 लाख रुपये डाले गए थे। ग्राहकों द्वारा 2.67 लाख रुपये निकाले जाने के बाद मशीन में 19.32 लाख रुपये शेष थे।
आरोप था कि 29 और 30 अप्रैल की दरम्यानी रात करीब 3 बजे से 3:20 बजे के बीच बदमाशों ने गैस कटर से एटीएम मशीन काटकर पूरी नकदी निकाल ली और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की एनडीआर टीम ने जांच शुरू की। इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर पता चला कि वारदात में पलवल निवासी इमरान, रॉबिन और भूरा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपित लगातार ठिकाने बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन भी बंद रखता था। तकनीकी निगरानी के बाद राजस्थान के भरतपुर में जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपित ने वारदात में शामिल होने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि करीब 20 दिन पहले गांव के रहने वाले इमरान ने उसे मोटी रकम का लालच देकर गिरोह में शामिल किया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इमरान उर्फ इमरान मेवाती कुख्यात अंतरराज्यीय एटीएम कटर है, जिसके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 25 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *