‘मां गंगा देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें’, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीर्थ गंगासागर में की पूजा-अर्चना

0
682523492_1594516592029963_4493846075940284951_n

कोलकाता{ गहरी खोज }: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना स्थित गंगासागर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि मां गंगा जिस पुण्यभूमि पर सागर से मिलती हैं, उस पावन तीर्थ गंगासागर में पूजन-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। गंगासागर स्थित कपिल मुनि आश्रम में महर्षि कपिल का पूजन कर देशवासियों के कल्याण की कामना की। ज्ञान, त्याग और तप के प्रतीक ऋषिवर कपिल का जीवन-दर्शन हर देशवासी के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमारे अमर जवानों को आज गंगासागर में श्रद्धापूर्वक पूजन-तर्पण अर्पित किया। अकल्पनीय चुनौतियों और हर बाधा के बीच राष्ट्र रक्षा को सर्वोच्च लक्ष्य मानकर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सुरक्षा बलों के शौर्य पर हर भारतीय को अभिमान है।
उन्होंने कहा कि सब तीर्थ बार-बार, गंगासागर एक बार। गंगा और सागर की संगमस्थली गंगासागर में पूजन-अर्चन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जीवनदायिनी मां गंगा के इस पवित्र तीर्थ पर मन असीम शांति और आध्यात्मिक आनंद से भर गया। मां गंगा देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें।
इससे पहले अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “दीदी के गुंडों की चिंता न करें। चुनाव आयोग ने हर जगह सीएपीएफ तैनात कर दी है। आज मैं यह बात स्पष्ट रूप से कह रहा हूं कि चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनेगी। फिर भी, सीएपीएफ अगले 60 दिनों तक यहीं रहेगी।”
उन्होंने मतदाताओं को आश्वासन दिया कि चुनाव आयोग द्वारा तैनात केंद्रीय बल 4 मई को परिणाम घोषित होने के बाद भी उनकी सुरक्षा करेगा। केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा मतदाताओं से चुनाव में भाग लेने का आह्वान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार अभियान के समापन के साथ हुआ। इससे पहले 29 अप्रैल को 142 विधानसभा सीटों पर मतदान से पहले चुनाव आयोग ने सोमवार को महत्वपूर्ण या अति संवेदनशील मतदान केंद्रों तक जाने वाली सड़कों को सीसीटीवी की निगरानी में लाकर निगरानी तंत्र को और मजबूत करने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *