दिल्ली के बवाना में निर्माणाधीन फैक्ट्री का लेंटर गिरा, कई मजदूर घायल

0
66bfbb40a0ceb711c684a40ea1cd669b

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली के बवाना इलाके में सोमवार दोपहर उस वक्त एक बड़ा हादसा हुआ, जब एक निर्माणाधीन फैक्ट्री की बेसमेंट का लेंटर अचानक ढह गई। इस घटना में कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से तीन लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस की टीमें तैनात हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री के बेसमेंट में स्लैब (लेंटर) की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी स्लैब भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी जीशान ने बताया कि दोपहर करीब सवा एक से डेढ़ बजे के बीच बहुत जोर की आवाज आई। हम दौड़कर मौके पर पहुंचे तो देखा कि पूरी की पूरी लिंटर बैठ गई थी। हमने तुरंत दो-तीन लोगों को बाहर निकाला, लेकिन एक व्यक्ति पूरी तरह नीचे फंसा हुआ था, जिसे निकालने में करीब डेढ़ घंटा लग गया। जीशान ने आगे बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि सेटरिंग सही तरीके से नहीं किया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
एक अन्य चश्मदीद ने भी ठेकेदार की लापरवाही को हादसे की वजह बताया। उनके अनुसार, घटना के समय ज्यादा मजदूर लंच पर गए हुए थे, जिससे बड़ा नुकसान टल गया, वरना हताहतों की संख्या अधिक हो सकती थी। हादसे में घायल सभी मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्राथमिक तौर पर यह हादसा निर्माण में लापरवाही का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *