मप्र में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित, छात्राओं ने फिर मारी बाजी

0
67c3dd9b696d4a657a4dfc54a32c8f6b

भोपाल{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा-2026 के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को अपने निवास कार्यालय समत्व में आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम एक साथ जारी किए। दोनों कक्षाओं में हर बार की तरह इस बार भी छात्रों के मुकाबले छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
इस वर्ष प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 16 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। इनमें लगभग 9 लाख 7 हजार विद्यार्थी 10वीं और करीब 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा में बैठे थे। विद्यार्थी घर बैठे अपना परिणाम एमपी बोर्ड की ऑफिशियल लिंक https://mpbse.mponline.gov.in और https://www.digilocker.gov.in/web/dashboard/issuers पर देख सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी करते हुए इसे शिक्षा जगत की एक बड़ी उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि इस साल के परिणाम कई मायनों में ऐतिहासिक रहे, क्योंकि पिछले 16 वर्षों का सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया गया है। इस बार सरकारी विद्यालयों का पास प्रतिशत 76.80 रहा, जिसने निजी स्कूलों के 68 प्रतिशत के आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों की सराहना करते हुए कहा कि अनूपपुर, अलीराजपुर और झाबुआ जैसे जिलों ने शिक्षा की नई इबारत लिखी है। झाबुआ जिला 93.23 प्रतिशत के साथ प्रदेश में अव्वल रहा। मुख्यमंत्री ने उन छात्रों का हौसला भी बढ़ाया जो सफल नहीं हो सके। उन्होंने घोषणा की कि अगले माह ही दूसरी परीक्षा आयोजित की जाएगी, ताकि 12वीं के उन 1.99 लाख छात्रों का साल बर्बाद न हो जो इस बार सफल नहीं हो पाए।
नतीजों में बेटियों ने एक बार भी फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 12वीं कक्षा में जहां 79.41 प्रतिशत बेटियां सफल रहीं, वहीं छात्रों का प्रतिशत 72.39 रहा। भोपाल में खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने मेरिट में पहला स्थान हासिल किया है। दोनों ने 500 में से 494 अंक हासिल किए हैं। खुशी शिवाजी नगर स्थित सुभाष एक्सीलेंस स्कूल और चांदनी गुरुदेव शिक्षा केन्द्र नीलबड़ भोपाल की छात्रा हैं।
कक्षा 12वीं में नियमित छात्रों का पास प्रतिशत 76.01 रहा, जबकि स्वाध्यायी छात्रों का रिजल्ट 30.60 प्रतिशत दर्ज किया गया। जिलों में झाबुआ पहले और अनूपपुर दूसरे स्थान पर रहा। किसी भी छात्र को पूरक घोषित नहीं किया गया। करीब एक लाख 99 हजार छात्र फेल हुए हैं। सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 80.43 प्रतिशत रहा। यह प्राइवेट स्कूलों के 69.67 प्रतिशत से काफी ज्यादा है। राज्य स्तरीय मेरिट सूची में कुल 121 विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई है।
कक्षा 10वीं में इस बार 73.42 प्रतिशत नियमित विद्यार्थी छात्र पास हुए। इनमें टॉप टेन में 378 विद्यार्थियों ने 490 से 499 तक नंबर हासिल किए। व्यक्तिगत उपलब्धियों की बात करें तो हाई स्कूल में पन्ना की प्रतिभा सोलंकी ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर 498 नंबर वाले दो स्टूडेंट (बालाघाट की अक्षरा घोडेश्वर और सीधी के अभय गुप्ता) हैं। तीसरे नंबर पर शहडोल के योगेंद्र सिंह परमार रहे। वहीं, सात विद्यार्थियों ने 497 और 12 ने 496 नंबर हासिल किए हैं, जबकि 17 विद्यार्थियों को 495 अंक मिले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *