संगीत जगत में शोक की लहर: आशा भोसले के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

0
circaheo_asha-bhosle_625x300_13_April_26

मुंबई{ गहरी खोज }: भारतीय संगीत जगत की प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। 92 वर्ष की उम्र में रविवार (12 अप्रैल) को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पर सुबह से ही फिल्मी सितारे और राजनेता पहुंच रहे हैं। हर कोई नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।
क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजली तेंदुलकर के साथ महान गायिका को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। अभिनेत्री तब्बू, गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेता जैकी श्रॉफ, नील नितिन मुकेश और संगीतकार ए.आर. रहमान सहित कई बड़ी हस्तियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम प्रणाम किया।
बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख ने आवास पर पहुंचकर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी दिवंगत गायिका के आवास पर उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर और पुष्प अर्पित कर आशा भोसले को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुंबई के लोअर परेल स्थित उनके घर ‘कासा ग्रांडे’ के बाहर फैंस की भी भारी भीड़ उमड़ी हुई है। फैंस अपने-अपने अंदाज़ में उन्हें याद कर रहे हैं, कोई उनके गाने गुनगुना रहा है, तो कोई उनकी तस्वीरों के सामने खामोशी से खड़ा है। उनके बेटे आनंद भोसले ने मीडिया से बात करते हुए लोगों से अपील की है कि अंतिम संस्कार के दौरान ज्यादा भीड़ न जुटाएं, ताकि सभी प्रक्रियाएं शांतिपूर्वक पूरी हो सकें। आज शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क शमशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *