वृंदावन नाव हादसा : यमुना नदी से दो और शव बरामद, मृतकाें की संख्या 15 हुई
मथुरा{ गहरी खोज }: मथुरा जिले में यमुना नदी में पंजाब के श्रद्धालुओं की नाव पलटने के बाद डूब कर मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। सोमवार को बचाव दल ने नदी से दो और शव बरामद किए हैं। अभी भी एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
सोमवार को एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान यमुना नदी से दाे शव और बरामद किये हैं, जिनमें एक की पहचान पंजाब निवासी यश भल्ला उर्फ युवराज के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार यश भल्ला उन 16 लोगों में शामिल थे, जो नाव पलटने के बाद यमुना के तेज बहाव में लापता हो गए थे। उनका शव केसीघाट के निकट देवराह बाबा घाट के पास झाड़ियों में फंसा मिला। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव क्षत-विक्षत अवस्था में था। इसके बाद बचाव दल ने बंगाली घाट के पास से एक युवती का भी शव बरामद कर लिया। जिसकी पहचान मोनिका दुगरी के रूप में हुई है। नाव हादसे में मरने वालाें की संख्या अब 15 हो गई है।
यह पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम चला रही है। टीम लगातार यमुना नदी में सर्च अभियान चला रही है और लापता लोगों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही सेना की स्ट्राइक वन कोर और एनडीआरएफ की संयुक्त टीमें इलाके में राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अभी एक व्यक्ति और लापता बताया जा रहा है। उसका नाम पंकज है। उसकी खोज के लिए बचाव दल लगातार जुटे हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात सुरेश चन्द्र रावत ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और निजी गोताखोरों की टीमों को सात सेक्टरों में बांटकर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ड्रोन की मदद से भी नदी और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की जा रही है। फिलहाल एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहा है। प्रशासन के अनुसार जब तक लापता व्यक्ति का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
