राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति व अन्य नेताओं ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी

0
634dda518c5dc6dbbe976ceaac7e4eef

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत कई नेताओं ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के बलिदानियों को सोमवार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, जलियांवाला बाग में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी अमर स्वतंत्रता सेनानियों को मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। इस घटना ने देशवासियों में स्वतंत्रता के प्रति नई चेतना और दृढ़ संकल्प का संचार किया था। राष्ट्र उनके प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा। मुझे विश्वास है कि उनकी देशभक्ति की भावना सभी को राष्ट्रसेवा के पथ पर समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रहेगी।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनकी स्मृति हमें न्याय, एकता और मानवीय गरिमा के मूल्यों को कायम रखने और एक मजबूत, अधिक करुणामय भारत के निर्माण के प्रति दृढ़ संकल्पित रहने के लिए प्रेरित करती है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि जलियांवाला बाग की शहादत ने आज़ादी की लौ को और प्रज्वलित किया, गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने का संकल्प और भी मजबूत किया तथा करोड़ों भारतीयों के मन में स्वाभिमान एवं स्वतंत्रता की भावना जागृत की।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि इस जघन्य कृत्य ने पूरे देश को झकझोर दिया और भगत सिंह, ऊधम सिंह जैसे क्रांतिकारियों के मन में स्वतंत्रता की ज्वाला को और प्रज्वलित किया। यह वह ऐतिहासिक मोड़ था, जहां से भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में क्रांति की भावना को और अधिक बल मिला। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड के अमर शहीदों को शत्-शत् नमन! लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि यह हत्याकांड इतिहास के काले पन्नों में हमेशा दर्ज रहेगा और हर भारतवासी को अन्याय के विरुद्ध डटकर आवाज उठाने और संघर्ष करने की प्रेरणा देता रहेगा।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उनका बलिदान भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक निर्णायक क्षण बना हुआ है, जिसने राष्ट्र की सामूहिक चेतना को जागृत किया। उनका साहस पीढ़ियों को न्याय, गरिमा और आत्मसम्मान के लिए खड़े होने की प्रेरणा देता रहेगा।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि निःशस्त्र होकर भी जिन्होंने अदम्य साहस, अटूट देशभक्ति और सर्वोच्च त्याग का परिचय दिया उन वीर स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान को राष्ट्र सदैव कृतज्ञता के साथ स्मरण करता रहेगा। स्वतंत्रता संग्राम में उनकी शहादत का योगदान सदा अमर और अविस्मरणीय बना रहेगा। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी अमिट त्यागियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि! आपका बलिदान सदैव हमें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *