दिल्ली पुलिस ने ठग गिरोह की सरगना ‘पारो’ समेत नकली पार्ट्स और एक्सपायर्ड सामान बेचने वाले को किया गिरफ्तार

0
810e55988741561fb57140f9b6b25e7c

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: राष्ट्रीय राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस को एक के बाद एक बड़ी सफलताएं मिली हैं। जहां एक ओर महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाले गिरोह की सरगना को गिरफ्तार किया गया है। दूसरी ओर एक्सपायर्ड खाद्य एवं कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने वाले और नकली ऑटो पार्ट्स के रैकेट का भी भंडाफोड़ किया गया है।
अस्पतालों और मंदिरों में आने वाली महिलाओं को शिकार बनाने वाले एक संगठित गिरोह की मुख्य आरोपी ‘पारो’ को पुलिस ने बवाना इलाके से गिरफ्तार किया। यह आरोपी तीन मामलों में वांछित थी और दो मामलों में अपराधी घोषित की जा चुकी थी। पुलिस को इसकी काफी दिनों से तलाश थी। उसे मुखबिर की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि यह गिरोह महिलाओं को बातचीत में उलझाकर उनके सोने के गहने ठग लेता था। पुलिस ने पिछले एक महीने में करीब 50 स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की। आरोपी वर्ष 2023 से फरार चल रही थी। पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, क्राइम ब्रांच ने एक अन्य कार्रवाई में कापसहेड़ा बॉर्डर के पास एक दुकान पर छापा मारकर एक्सपायर्ड खाद्य और कॉस्मेटिक उत्पाद बेचने वाले आरोपी अब्दुल मन्नान खान उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी सस्ते दामों पर खराब हो चुके उत्पाद बेच रहा है। जांच के दौरान लगभग 900 किलोग्राम किराना सामान और करीब 2,000 किलोग्राम डेयरी उत्पाद बरामद किए गए, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
इसके अलावा, क्राइम ब्रांच ने नकली ऑटो पार्ट्स बनाने और बेचने वाले एक बड़े रैकेट का भी पर्दाफाश किया है। जानकारी के अनुसार इंद्रलोक, झंडेवालान और मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से नामी कंपनियों के नकली ब्रेक शू, पैकेजिंग सामग्री और प्रिंटिंग यूनिट बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के जरिए बाजार में करीब 10 लाख रुपए के नकली उत्पाद सप्लाई किए जा रहे थे।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस तरह की संगठित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता को धोखाधड़ी और स्वास्थ्य संबंधी खतरों से सुरक्षित रखा जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील कि है कि अगर कहीं अपराध होता देखें तो पुलिस को सूचना दें, पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *