महिला सशक्तिकरण पर फोकस, नारी शक्ति वंदन बिल में बदलाव होगा: पीएम मोदी

0
665990503_1747589430068615_795030821733710175_n

बरपेटा{ गहरी खोज }: असम विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बरपेटा में विशाल जनसभा को संबोधित किया। सभा में उन्होंने भाजपा की उपलब्धियों और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की रणनीति पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। उन्होंने इस बात पर भी भरोसा जताया कि इस बार असम में भाजपा-एनडीए की हैट्रिक निश्चित है।
प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण बिल पर भी चर्चा की और कहा कि सरकार ने 16 अप्रैल से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इसे पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमने सभी राजनीतिक दलों से इस पर चर्चा की है और उनसे अनुरोध किया है कि वे देश की बहनों और बेटियों के अधिकारों से जुड़े इस काम को सर्वसम्मति से आगे बढ़ाएं। किसी भी राज्य को इससे नुकसान नहीं होगा, चाहे वह पूर्वोत्तर हो या दक्षिण भारत।
महिलाओं के लिए अतिरिक्त सीटें देने की व्यवस्था की जा रही है।” पीएम मोदी ने विशेष रूप से असम की महिलाओं से अपील की कि वे सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से मिलकर इस कानून के पारित होने का आग्रह करें। यह सिर्फ असम ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए फायदेमंद होगा जिससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिल सके। पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “सड़क पर खड़े होने की भी जगह नहीं है। यह मैदान खचाखच भरा हुआ है। मैंने गुजरात में सालों काम किया है लेकिन अगर मुझे सुबह दस या ग्यारह बजे कोई सभा करनी होती, तो मैं इतनी भीड़ नहीं जुटा पाता। आपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
असम की जनता ने इस बार दो बड़े काम किए हैं, पहला एनडीए सरकार की हैट्रिक और दूसरा, कांग्रेस के ‘शाही परिवार’ के दिल्ली में बैठे नामदारों के लिए हार का रिकॉर्ड बनाना।” रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं और बच्चों के प्रति अपनी स्नेहिल भावना भी दिखाई। उन्होंने कहा, “इस बच्ची ने इतनी कम उम्र में इतनी सारी ड्राइंग्स बनाई हैं। कुछ और बच्चे भी अपनी ड्राइंग्स लेकर आए हैं। मैंने एसपीजी कर्मियों से कहा है कि वे इन्हें इकट्ठा करें। यदि आपने पीछे अपना नाम और पता लिखा है, तो मैं आपको चिट्ठी भेजूँगा।” बरपेटा में आयोजित रैली के दौरान मोदी ने भाजपा के स्थापना दिवस का जिक्र करते हुए कहा, “आज 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस भी है।
मैं पूरे देश और दुनियाभर में भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं और सदस्यों को अपनी बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ। ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के साथ हम मां भारती की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी प्रतिबद्धता के साथ, इस चुनाव में भाजपा आपका आशीर्वाद मांग रही है।” प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्साह और ऊर्जा की भी सराहना की।
उन्होंने कहा, “अप्रैल का महीना बोहाग बिहू के पावन अवसर का महीना है। आप सभी इसके उत्सव की तैयारियों में जुटे हैं लेकिन इस बार बोहाग बिहू के साथ-साथ लोकतंत्र का पर्व भी है, क्योंकि मतदान के लिए अब सिर्फ दो दिन ही बचे हैं। यहां और पूरे असम में जो उत्साह और ऊर्जा मैं देख रहा हूँ, वह असाधारण और अभूतपूर्व है। यहां जुटी भीड़ उसी भावना को दर्शाती है; सड़कों पर भी शायद ही कोई जगह बची हो।” उन्होंने कहा, “बरपेटा में यह विशाल जनसमूह एक ही घोषणा कर रहा है।
भाजपा के लिए हैट्रिक और कांग्रेस के नामदारों के लिए हार का शतक। आज का यह जनसैलाब असम की जनता के संकल्प और समर्थन का प्रतीक है।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस वो पार्टी है जो कभी दूरगामी सोच के साथ विकास के काम नहीं करती है। कांग्रेस लघु अवधि में काम करती है ताकि उसमें भ्रष्टाचार कर सके। वही भाजपा एक लंबे विजन के साथ काम करने वाली पार्टी है। हम विकसित असम से विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर चल रहे हैं और इसलिए पिछले 10 वर्ष में पूरी मेहनत से काम किया। 10 वर्ष असम में शांति और सद्भाव की स्थापना के रूप में काम किया गया।
” इस अवसर पर पीएम मोदी ने भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित किया और सभी से आग्रह किया कि वे चुनाव में पूरी तत्परता के साथ काम करें। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मेहनत और जनता का विश्वास पार्टी को विजयी बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *